जमशेदपुर : जमशेदपुर के बागबेड़ा थाना क्षेत्र के स्टेशन रोड स्थित संकटा सिंह पेट्रोल पंप के पास सोमवार रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में करीब 50 वर्षीय महिला की मौत हो गई. घटना रात करीब नौ बजे की बताई जा रही है. प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार महिला सड़क किनारे चल रही थी, तभी तेज रफ्तार से आए एक अज्ञात वाहन ने उसे जोरदार टक्कर मार दी. टक्कर इतनी तेज थी कि महिला गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़ी और मौके पर ही उसकी मौत हो गई. (नीचे भी पढ़ें)
स्थानीय लोगों के मुताबिक मृत महिला स्टेशन परिसर में भीख मांगकर अपना गुजारा करती थी. हादसे के बाद आसपास के लोगों की भीड़ मौके पर जुट गई और पुलिस को सूचना दी गई. सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और सड़क के बीच पड़े शव के आसपास बैरिकेडिंग कर क्षेत्र को घेर लिया, ताकि यातायात को नियंत्रित किया जा सके और जांच की प्रक्रिया पूरी की जा सके. (नीचे भी पढ़ें)
पुलिस ने कुछ देर तक मौके का मुआयना किया और आसपास मौजूद लोगों से घटना के बारे में जानकारी ली. हालांकि, देर रात तक महिला की पहचान नहीं हो सकी थी. इसके बाद पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर टेंपो के माध्यम से पोस्टमार्टम के लिए एमजीएम मेडिकल कॉलेज भेज दिया. पुलिस का कहना है कि अज्ञात वाहन की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है. आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की भी जांच की जाएगी, ताकि हादसे के जिम्मेदार वाहन का पता लगाया जा सके.




