जमशेदपुर : जीएसटी घोटाले और रियल एस्टेट निवेश से जुड़े बहुचर्चित मामले में जांच एजेंसियों को बड़ी सफलता मिली है. झारखंड के सरायकेला खरसावां जिले के आदित्यपुर निवासी अजय अग्रवाल को गिरफ्तार कर लिया गया है. हालांकि, अजय अग्रवाल के साथ इंदर अग्रवाल का कोई आपस में संबंध नहीं था. बताया जा रहा है कि यह कार्रवाई झारखंड हाईकोर्ट के दिशा-निर्देशों के बाद की गई. सूत्रों के अनुसार, अजय अग्रवाल को रांची स्थित कैपिटल हिल होटल से हिरासत में लिया गया. गिरफ्तारी के बाद जांच एजेंसियां उसे जमशेदपुर ला रही हैं, जहां उससे विस्तृत पूछताछ की जाएगी. इस कार्रवाई से औद्योगिक और व्यापारिक जगत में हड़कंप मच गया है. अजय अग्रवाल पर ग्रीन वाटिका कंस्ट्रक्शन प्राइवेट लिमिटेड के माध्यम से निवेशकों के साथ बड़े पैमाने पर धोखाधड़ी करने का आरोप है. (नीचे भी पढ़ें)
आरोपों के मुताबिक, उसने निवेशकों से करीब 45 करोड़ रुपये जुटाए और बाद में फरार हो गया. इस मामले में कई पीड़ितों ने शिकायत दर्ज कराई थी. वहीं, प्रवर्तन निदेशालय (इडी) की जांच में यह भी सामने आया है कि जीएसटी घोटाले से अर्जित अवैध धन को रियल एस्टेट सेक्टर में निवेश किया गया. इससे पूरे मामले की गंभीरता और बढ़ गई है. फिलहाल जांच एजेंसियां अजय अग्रवाल से पूछताछ कर इस वित्तीय सिंडिकेट के अन्य सदस्यों की पहचान करने में जुटी हैं. माना जा रहा है कि इस गिरफ्तारी के बाद कई बड़े और प्रभावशाली नाम सामने आ सकते हैं. यह कार्रवाई भ्रष्टाचार के खिलाफ एक अहम कदम मानी जा रही है. अजय अग्रवाल रियल एस्टटे का कोराबारी है.




