जमशेदपुर: दलमा वन्यजीव आश्रय क्षेत्र में विकास और पर्यावरण संरक्षण के नाम पर हो रहे खर्च को लेकर अब स्थानीय ग्रामीणों ने विरोध शुरू कर दिया है. ग्रामीणों का आरोप है कि ईको टूरिज्म, रन फॉर गजराज और बर्ड फेस्टिवल जैसे आयोजनों के नाम पर हर साल लाखों-करोड़ों रुपये खर्च किए जाते हैं, लेकिन इन फंड का कोई स्पष्ट हिसाब आज तक सार्वजनिक नहीं किया गया है. उन्होंने सवाल उठाया है कि सरकार से मिलने वाली राशि का उपयोग आखिर किन योजनाओं में किया गया.ग्रामीणों ने वन विभाग के उस रवैये पर भी नाराजगी जताई है, जिसमें कुछ लोगों को विकास विरोधी बताया जाता है. उनका कहना है कि यदि कोई विकास कार्य हुआ है, तो विभाग को अपने पूरे कार्यकाल का लेखा-जोखा 135 गांवों की ग्राम सभा और ईको विकास समिति की बैठक में पेश करना चाहिए. (नीचे भी पढ़े)
उन्होंने विभाग को खुली चुनौती देते हुए पारदर्शिता की मांग की है.सबसे गंभीर आरोप सेंचुरी क्षेत्र में चल रही अवैध गतिविधियों को लेकर लगाया गया है. ग्रामीणों के अनुसार, संरक्षित क्षेत्रों में अवैध खनन, बड़े होटलों का निर्माण, वेयरहाउस और ट्रांसपोर्ट कंपनियों का संचालन लंबे समय से जारी है. इसके बावजूद वन विभाग और प्रशासन की चुप्पी कई सवाल खड़े करती है.ग्रामीणों का कहना है कि जो लोग जल, जंगल और जमीन की रक्षा के लिए आवाज उठाते हैं, उन्हें ही गलत तरीके से बदनाम किया जाता है. उन्होंने चेतावनी दी है कि यदि जल्द पारदर्शिता और कार्रवाई नहीं हुई, तो आंदोलन और तेज किया जाएगा.














