जमशेदपुर : जमशेदपुर भाजपा के घाघीडीह मंडल अध्यक्ष आनंद कुमार एक बार फिर से विवादों में है. ताजा मामला आनंद कुमार और उनकी पत्नी मधुलिका रानी के खिलाफ बागबेड़ा थाना में रंगदारी की मांग, धमकी देने और धोखाधड़ी कर करीब 60 लाख रुपये का गबन करने का आरोप है. इस मामले में एक एफआइआर दायर किया गया है, जिसकी पुलिस जांच कर रही है. यह केस जमशेदपुर के घाघीडीह स्थित गंगोत्री कॉलोनी निवासी अमित कुमार ने दायर की है. अमित कुमार ने अपने एफआइआर में बताया है कि उनके साथ आनंद कुमार की दोस्ती करीब 15 साल पहले हुई थी. बाद में पारिवारिक संबंध हो गया. आर्थिक स्थित कमजोर होने के कारण आनंद और उनकी पत्नी मधुलिका ने कर्ज के रूप में 60 लाख रुपये लिये. 51,10,000 रुपये बैंक के माध्यम से आनंद और उनकी पत्नी के बैंक एकाउंट में भुगतान किये गये. इसमें अमित की पत्नी राखी कुमारी के स्टेट बैंक के खाता से आनंद कुमार के आइडीबीआई बैंक खाता में 18,95,000 रुपये और मधुलिका रानी के बैंक खाता में 18,20,572 रुपये का भुगतान किया गया. (नीचे भी पढ़ें)
साथ ही अमित कुमार के बैंक खाता से मधुलिका के बैंक खाता में 13,93,900 रुपये का भुगतान किया गया. शेष राशि का नकद भुगतान किया गया. कर्ज लेते वक्त उन लोगों ने मदद के तौर पर रुपये की मांग की थी. आनंद ने कहा था कि सस्ते दाम पर जमीन मिल रही है. आनंद ने यह भी कहा था कि गांव की जमीन बेचने के बाद वह रुपये लौटा देगा. आनंद की बात पर विश्वास कर उन्होंने रुपये दे दिया. काफी दिन होने के बाद जब आनंद ने रुपये नहीं लौटाया तो उसने जमीन का एग्रीमेंट फॉर सेल किया. इसमें ऑरिजिनल रजिस्टर्ड सेल डीड एवं जमीन का दखल उनके नाम कर दिया. साथ ही वादा किया कि जमीन का म्यूटेशन होने के बाद वह जमीन उनके नाम से रजिस्ट्री कर देगा. बाद में नवंबर 2025 को जमीन का म्यूटेशन हो गया. जब अमित ने जमीन की रजिस्ट्री करने की बात की तो आनंद ने रजिस्ट्री करने से साफ इंकार कर दिया. (नीचे भी पढ़ें)
साथ भाजपा मंडल अध्यक्ष का पावर की बात कह कर बर्बाद करने की धमकी दी. अमित और उसके बेटे को झूठे केस में फंसाने की धमकी दी. 10 मार्च को अमित की पत्नी राखी कुमारी बाजार जा रही थी. उस दौरान जेल मैदान के पास आनंद और उसकी पत्नी मधुलिका रानी से उनकी मुलाकात हुई. इस दौरान राखी ने उन दोनों को जमीन रजिस्ट्री करने का आग्रह किया तो उन दोनों ने उसे गंदी गंदी गालियां देने लगे. आनंद ने धमकी देते हुए कहा कि अगर दोबारा जमीन रजिस्ट्री का नाम लिया तो पति और बेटा से हाथ धोना होगा. उन दोनों ने अमित के बेटे लक्ष्य को भी बदनाम करने का प्रयास किया.














