जमशेदपुर : टाटानगर रेलवे स्टेशन से रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ)ने चार गांजा तस्करों को 75 किलो गांजा के साथ गिरफ्तार किया है. टाटानगर आरपीएफ को बड़ी सफलता मिली है. अभी तक की सबसे बड़ी गांजा की रिकवरी टाटानगर रेलवे स्टेशन से हुई है. पकड़े गए सभी व्यक्ति बिहार के पश्चिमी चंपारण बेतिया के रहने वाले हैं, जो ओडिशा के अलग-अलग जगह से गांजा लेकर टाटानगर आए थे और यहां से गोरखपुर एवं बेतिया जाने की फिराक में थे. रेलवे सुरक्षा बल टीम के अधिकारियों एवं जवानों की मुस्तैदी के कारण इस बड़ी तस्करी को रोका गया. पकड़े गए व्यक्तियों का नाम अजय कुमार, रवि कुमार उर्फ बेंगा, मोहित कुमार सिंह एवं राजा सोनार उर्फ राज है. (नीचे भी पढ़ें)

पकड़े गए व्यक्तियों को अग्रिम कार्रवाई हेतु रेल थाना टाटानगर के सुपुर्द कर दिया गया है. यह सारी कार्यवाही आरपीएफ पोस्ट कमांडर टाटानगर राकेश मोहनके नेतृत्व में की गई है. गांजा तस्करी का अनोखा तरीका सामने आया है. सभी पकड़े गए व्यक्ति 50 किलो के प्लास्टिक बोरा के बीच में गांजा रखकर चारों तरफ से एवं ऊपर नीचे से सोयाबीन बड़ी भरकर गांजा तस्करी कर रहे थे.














