जमशेदपुर : पोटका विधानसभा के जादूगोड़ा स्थित प्रसिद्ध रंकणी मंदिर व हरिना मंदिर अब जल्द ही एक भव्य और आधुनिक स्वरूप में नजर आएगा. वही लगभग 19 करोड़ रुपये की लागत से रंकनी मंदिर परिसर एवं आसपास के क्षेत्रों के व्यापक सौंदर्यीकरण का कार्य शुरू किया गया है. इस महत्वाकांक्षी योजना को साकार रूप देने में पोटका विधानसभा के विधायक संजीव सरदार की महत्वपूर्ण भूमिका रही है, जिनके सतत प्रयासों से यह परियोजना धरातल पर उतर सकी है. (नीचे भी पढ़ें)

वन विभाग के माध्यम से संचालित इस योजना की जानकारी देते हुए वन प्रमंडल पदाधिकारी (डीएफओ) सबा आलम ने बताया कि अगले 7 से 8 महीनों में कार्य पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है. उन्होंने कहा कि योजना पूरी होने के बाद रंकणी मंदिर न सिर्फ श्रद्धालुओं के लिए अधिक सुविधाजनक बनेगा, बल्कि पर्यटन के क्षेत्र में भी एक नया केंद्र बनकर उभरेगा. परियोजना के तहत मंदिर के सामने स्थित पहाड़ियों तक पहुंचने के लिए पक्की सीढ़ियों का निर्माण किया जाएगा, जो ऊपर स्थित हनुमान मंदिर तक जाएगी. (नीचे भी पढ़ें)

इसके साथ ही पहाड़ी क्षेत्र में श्रद्धालुओं के लिए बैठने की व्यवस्था, शेड, मंदिर परिसर में कॉटेज निर्माण, यात्री शेड (धर्मशाला), सीसीटीवी कैमरे, पाथवे का चौड़ीकरण एवं सौंदर्यीकरण, कार पार्किंग, पार्क और बच्चों के लिए झूले सहित विभिन्न सुविधाएं विकसित की जाएंगी. स्थानीय लोगों का कहना है कि विधायक संजीव सरदार ने हमेशा क्षेत्र के धार्मिक और सांस्कृतिक स्थलों के विकास को प्राथमिकता दी है. रंकणी मंदिर के साथ-साथ हरिना क्षेत्र के मंदिरों के विकास को लेकर भी उनकी सक्रियता सराहनीय रही है. (नीचे भी पढ़ें)
उनके प्रयासों से ही यह बहुप्रतीक्षित योजना संभव हो सकी है, जिससे पूरे क्षेत्र में खुशी का माहौल है. इस परियोजना से स्थानीय युवाओं को रोजगार के अवसर भी मिलेंगे और क्षेत्र की आर्थिक स्थिति को मजबूती मिलेगी. वन विभाग के अधिकारी, जिनमें रेंज ऑफिसर भीमद कुमार भी शामिल हैं, कार्य की गुणवत्ता और समयबद्धता सुनिश्चित करने में जुटे हैं. यदि योजना तय समय सीमा में पूरी हो जाती है, तो रंकणी मंदिर पूर्वी सिंहभूम के प्रमुख धार्मिक एवं पर्यटन स्थलों में अपनी एक अलग पहचान बना सकता है.














