रामगढ़: रामगढ़ के रजरप्पा थाना अंतर्गत चितरपुर-रजरप्पा मोड़ के पास मंगलवार हथियारबंद अपराधियों ने एक डकैती की वारदात को अंजाम दिया. बाइक सवार अपराधियों ने ज्वेलर्स दुकान को निशाना बनाकर करीब एक करोड़ रुपये मूल्य के सोने-चांदी के आभूषण और नगदी लूट ली. इस घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल है और घटना के विरोध में व्यापारियों में आक्रोश है.घटना के संबंध में बताया जाता है कि मंगलवार करीब 4 बजे कुछ बदमाश रजरप्पा मोड़ पहुंचे. बदमाशों ने ज्वेलर्स दुकान में ग्राहक बनकर प्रवेश किया और आभूषण दिखाने को कहा, लेकिन दुकानदारों की सतर्कता के कारण वे वहां सफल नहीं हो सके.(नीचे भी पढ़े)

इसके बाद अपराधियों ने दूसरे ज्वेलर्स दुकान में प्रवेश किया. दुकान में घुसते ही उन लोगों ने व्यवसायी से सोने की चेन दिखाने की मांग की और अचानक उन पर पिस्टल तान दी. अपराधियों ने चंद मिनटों में ही दुकान में रखे कीमती गहने और गल्ले में रखे नगदी लेकर चलते बने. इस दौरान अपराधी जब लूट का सामान लेकर भागने लगे, तभी व्यवसायी के भाई विवेक वर्मा ने साहस दिखाते हुए शोर मचाया और आसपास के लोगों को एकत्रित कर लिया. उन्होंने दुकान की ग्रिल बंद करने का प्रयास किया, जिससे अपराधियों में अफरा-तफरी मच गई. जहां तीन से चार अपराधी लूट का बड़ा हिस्सा लेकर भागने में सफल रहे, वहीं ग्रामीणों ने दो अपराधियों को मौके पर ही दबोच लिया. (नीचे भी पढ़े)
आक्रोशित भीड़ ने पकड़े गए अपराधियों की जमकर धुनाई कर दी, जिससे वे गंभीर रूप से घायल हो गए.घटना की सूचना मिलते ही रजरप्पा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों घायल अपराधियों को भीड़ से बचाकर हिरासत में लिया. पुलिस ने उनके पास से एक पिस्टल, मोबाइल फोन और वारदात में इस्तेमाल की गई बाइक बरामद की है. मामले की गंभीरता को देखते हुए रामगढ़ एसपी मुकेश कुमार लुनायत स्वयं घटनास्थल पर पहुंचे और जांच की कमान संभाली. उन्होंने बताया कि गिरफ्तार अपराधियों से सघन पूछताछ की जा रही है और उनके फरार साथियों की गिरफ्तारी के लिए जिले के सभी सीमाओं को सील कर छापेमारी तेज कर दी गई है.











