जादूगोड़ा : झारखंड शिक्षा विभाग की ट्रांसफर पॉलिसी पर भेद भाव व पक्षपात के आरोप लग रहे हैं. सवाल उठना लाजिमी भी है. बीते 26 वर्षों से 40 किलोमीटर चल कर पैर से विकलांग शिक्षक प्रकाश झा जादूगोड़ा के सुदूर जंगल में बसे उत्क्रमित मध्य विद्यालय जोबला में अपनी सेवा दे रहे हैं. लेकिन उनकी सुधि लेनेवाला कोई नहीं है. आलम यह है कि 54 वर्षीय शिक्षक प्रकाश झा को पैर से चलने में परेशानी है. उनकी परेशानियों से यह शिक्षा विभाग के वरीय अधिकारी भी अवगत हैं. उन्हें सड़क पार करने में काफी परेशानी झेलनी पड़ती है. वे बीते 26 वर्षों से जमशेदपुर के मानगो पोस्ट ऑफिस रोड ग़ौर बस्ती से जादूगोड़ा के घने जंगलों के बीच बसे उत्क्रमित मध्य विद्यालय जोबला आना-जाना करते हैं. (नीचे भी पढ़ें)
श्री झा ने 22 मार्च 2000 को उत्क्रमित मध्य विद्यालय जोबला में योगदान किया व पहली से आठवीं कक्षा तक के विद्यार्थियों को पढ़ाते हैं. स्कूल के प्रधान शिक्षक रतलाल बास्के का ग्रेड फोर में प्रमोशन एक साल पहले होने से उनका तबादल तो मध्य विद्यालय हीराचुनी स्कूल में कर दिया गया, लेकिन पैर से असमर्थ शिक्षक प्रकाश झा की सुधि विभाग के किसी भी अधिकारी नहीं आ रही है. इसको लेकर शिक्षा विभाग पर भेदभाव और पक्षपात के आरोप लग रहे हैं. (नीचे भी पढ़ें)
शिक्षक प्रकाश झा बताते हैं कि उन्होंने कई बार आवेदन भी दिया, लेकिन नतीजा सिफर ही रहा. 2024 में ऑन लाइन पोर्टल खुला, लेकिन उसमें भी उनके ट्रांसफर के आग्रह को नकार दिया गया. पांच छह बार विभागीय पत्राचार करने के बाद भी उन्हें कोई फ़ायदा नहीं मिलने से शिक्षा विभाग की कार्यशैली को खुद सवालों के घेरे में आ जाती है. बहरहाल देखना है कि शिक्षा विभाग प्रकाश झा की सुधि कब लेता है या उन्हें भी अन्य लोगों की तरह गणेश परिक्रमा या चढ़ावे का सहारा ही लेना होगा, तभी जाकर शिक्षा विभाग की नींद खुलेगी.











