रामगढ़ : रामगढ जिले के रजरप्पा स्थित शिव शंकर ज्वेलर्स दुकान में 21 अप्रैल को एक करोड़ की लूट हुई थी,जिसका पुलिस ने शुक्रवार को खुलासा कर दिया है. रामगढ जिले के एसपी मुकेश लुनायत ने प्रेस वार्ता आयोजित कर इसकी जानकारी दी. उन्होंने बताया कि इस घटना में दो महिला समेत सात लोगों को गिरफ्तार किया गया है. साथ ही सभी जेवरात भी बरामद कर लिए गए है. इस घटना का मास्टरमाइंड विभाष पासवान फरार बताया जाता है. उसकी गिरफ्तारी के लिए छापेमारी चल रही है. एसपी ने बताया कि घटना के बाद डीएसपी चंदन बत्स के नेतृत्व में एक एसआईटी बनी, एसआईटी टीम मानवीय पूछताछ व टेक्निकल सर्विलांस के आधार पर पुलिस ने नांलदा पुलिस के सहयोग से हरनैत रेलवे कालोनी से मनीष पासवान, रीना देवी व चंद्रावती देवी को गिरफ्तार किया गया है.(नीचे भी पढ़े)
साथ ही वहीं पर खड़ी एक भारत सरकार लिखी कार से जेवरात को बरामद किया गया. इसमें 180 पीस गहना मिला. एसआईटी की टीम ने पहले रामगढ़, लातेहार, पलामू व बिहार के कई जिलों में छापेमारी की थी. पुलिस ने लूटकांड में संलिप्त सुभान अंसारी, अरबाज अंसारी की निशानदेही पर छापेमारी अभियान चलाया. विदित हो कि घटना के बाद भाग रहे दो लूटेरों को ग्रामीणों ने धर दबोचा था. इनकी ही निशानदेही पर पुलिस ने छापेमारी की. पुलिस के लिए यह बहुत बड़ी सफलता है. एसपी मुकेश लुनायत ने बताया कि रजरप्पा के शिवशंकर ज्वेलर्स लूटकांड में पीड़ित ने एक मामला दर्ज कराया था. जिसके बाद पुलिस नेकार्रवाई की. जिसके बाद सात लोगों की गिरफ्तारी हुई है, जिसमें दो महिला शामिल है.











