जमशेदपुर : कोल्हान के विभिन्न प्रखंडों में इन दिनों भीषण गर्मी का असर साफ देखने को मिल रहा है. शहरी इलाकों में तापमान 44 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंचने से जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया है. तेज धूप और लू के कारण लोगों का घर से निकलना मुश्किल हो गया है, वहीं घरों के अंदर भी गर्मी से राहत नहीं मिल रही है. (नीचे भी पढ़ें)

ऐसे हालात में जमशेदपुर स्थित जुबिली पार्क लोगों के लिए राहत का केंद्र बन गया है. सुबह से लेकर शाम तक यहां हर उम्र के लोग पहुंच रहे हैं. कोई पेड़ों की छांव में बैठकर सुकून तलाश रहा है तो कोई हरियाली के बीच टहलकर गर्मी से राहत पाने की कोशिश कर रहा है. पार्क की घनी हरियाली, हरी-भरी घास और ठंडी हवा लोगों को खासा आकर्षित कर रही है. शहर के बीच स्थित होने के बावजूद यहां प्राकृतिक ठंडक का अनुभव होता है, जो लोगों को सुकून देता है. बुजुर्ग, बच्चे और युवा सभी यहां समय बिताते नजर आ रहे हैं. (नीचे भी पढ़ें)

पार्क पहुंचे लोगों ने कहा कि इस समय गर्मी अपने चरम पर है और पंखा-कूलर भी बेअसर साबित हो रहे हैं. उनका मानना है कि अगर शहर में अधिक पेड़ लगाए जाएं, तो तापमान के असर को कम किया जा सकता है. लोगों ने सरकार से भी अपील की है कि हरियाली बढ़ाने के लिए ठोस कदम उठाए जाएं, ताकि भविष्य में ऐसी भीषण गर्मी से राहत मिल सके.











