ईचागढ़ : सरायकेला-खरसावां जिला से एक हृदयविदारक घटना सामने आई है, जहां जंगली हाथियों के झुंड ने एक ही परिवार पर हमला कर दो लोगों की जान ले ली. यह घटना ईचागढ़ थाना क्षेत्र के सोड़ो पंचायत अंतर्गत हाड़ात गांव की है. जानकारी के अनुसार, बीती रात अचानक हाथियों का झुंड गांव में घुस आया और भारी उत्पात मचाने लगा. ग्रामीणों को संभलने का मौका भी नहीं मिला. हाथियों ने कई घरों को क्षतिग्रस्त कर दिया. इसी दौरान एक मकान में मौजूद परिवार के चार सदस्य हमले की चपेट में आ गए. चीख-पुकार सुनकर ग्रामीण मौके पर पहुंचे, लेकिन हाथियों के आक्रामक व्यवहार के कारण कोई भी पास जाने की हिम्मत नहीं जुटा सका. (नीचे भी पढ़ें)

इस दर्दनाक घटना में कमलचंद महतो की पत्नी चाइना देवी और उनकी 13 वर्षीय बेटी अमिता बाला की मौके पर ही मौत हो गयी. वहीं, परिवार के अन्य सदस्य मोहन महतो (65) और सतुला देवी (60) गंभीर रूप से घायल हो गए. घायलों को तत्काल जमशेदपुर के एमजीएम अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनकी स्थिति नाजुक बनी हुई है. घटना के बाद ग्रामीणों में वन विभाग के प्रति गहरा आक्रोश देखा जा रहा है. सूचना मिलने पर विभाग की टीम मौके पर पहुंचकर जांच में जुट गयी है. गांव में भय का माहौल है और लोग खुद को असुरक्षित महसूस कर रहे हैं. स्थानीय लोगों ने सरकार से उचित मुआवजा और हाथियों के प्रवेश को रोकने के लिए ठोस कदम उठाने की मांग की है.











