पलामू : पलामू जिले के पड़वा थाना क्षेत्र अंतर्गत गाड़ीखास गांव के समीप शनिवार की सुबह हुए दर्दनाक सड़क हादसे में भाजपा नेता ईश्वरी पांडे के पुत्र आकाश कुमार पांडे की मौत हो गयी. बताया जाता है कि आकाश बुलेट से पड़वा जा रहे थे, तभी एक अनियंत्रित स्कार्पियो ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी. इस हादसे में गंभीर रूप से घायल आकाश को पुलिस की मदद से मेदिनीराय मेडिकल कॉलेज अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया. घटना के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है. पुलिस ने दोनों वाहनों को जब्त कर मामले की जांच शुरू कर दी है. बताया जाता है कि आकाश की शादी पिछले साल ही हुई थी.











