रामगोपाल जेना/कुमारडुंगी : कुमारडुंगी प्रखंड के खंडखोरी पंचायत स्थित सुदूरवर्ती हल्दीपोखर गांव में पहली बार बिजली पहुंची. मझगांव विधायक निरल पुर्ती ने रविवार को इसका उद्घाटन किया. कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विधायक ने कहा कि यह गांव काफी पिछड़ा क्षेत्र था, जहां बिजली, सड़क और पेयजल की गंभीर समस्या थी. शुरुआत में सोलर पैनल के जरिए बिजली की व्यवस्था की गई, लेकिन वह सफल नहीं रही. इसके बाद योजना बनाकर गांव तक सड़क का निर्माण कराया गया, जिससे आवागमन सुगम हुआ. (नीचे भी पढ़ें)

उन्होंने बताया कि पहले ग्रामीणों को जंगल के रास्ते से गुजरना पड़ता था और जंगली जानवरों का खतरा बना रहता था. सड़क बनने के बाद स्थिति में सुधार हुआ. इसके बाद बिजली विभाग के सहयोग से गांव का पूर्ण विद्युतीकरण कराया गया, जिसमें वन विभाग से एनओसी लेने और केबल बिछाने में काफी कठिनाइयां भी आईं. (नीचे भी पढ़ें)

विधायक ने कहा कि अब गांव पूरी तरह बिजली से रौशन हो गया है और सड़क, बिजली व पानी की समस्याओं का समाधान हो चुका है. झारखंड सरकार का लक्ष्य है कि सुदूरवर्ती क्षेत्रों को भी विकास की मुख्यधारा से जोड़ा जाए. इस मौके पर जिला परिषद सदस्य शशि भूषण पिंगुआ, महेश दास, सुशील दास सहित कई जन प्रतिनिधि और ग्रामीण मौजूद रहे.




