पोटका : पोटका के विधायक संजीव सरदार द्वारा क्षेत्र में स्वास्थ्य, शिक्षा एवं विकास योजनाओं को सुदृढ़ करने के उद्देश्य से निरीक्षण अभियान लगातार जारी है. इसी क्रम में विधायक ने प्रखंड के हाता बिरसा चौक में झारखंड सरकार के पंचायती राज विभाग से 4.50 करोड़ की लागत से निर्माणाधीन बस स्टैंड सह मार्केट कॉम्प्लेक्स का निरीक्षण किया. निरीक्षण के दौरान विधायक ने चल रहे निर्माण कार्य को बारीकी से देखा एवं कार्य स्थल पर तैनात संवेदक हरि ओम कंस्ट्रक्शन के मुंशी को आवश्यक दिशा निर्देश दिया. साथ ही कार्य को गुणवत्तापूर्ण एवं समय पर पूरा करने का निर्देश दिया. निरीक्षण में पाया गया कि बस स्टैंड सह मार्केट कॉम्प्लेक्स के कार्य मे कूल 40 दुकान बनाई जा रही है जिसका निर्माण कार्य लगभग पूर्ण है. दुकानों में सटर लगाए जा रहे है जो गलत तरीके से लगाये जा रहे है जिसे सुधारने का निर्देश दिया गया. साथ ही छत में एक दो स्थानों पर पानी जमा है जिसे ठीक करने का निर्देश विधायक द्वारा दिया गया. (नीचे भी पढ़ें)

प्रखंड मुख्यालय पहुंच ग्रामीणों की समस्या सुनी, जनगणना के कार्यो की ली जानकारी: हाता में निरीक्षण के उपरांत विधायक संजीव सरदार पोटका मुख्यालय पहुंच अंचलाधिकारी निकिता बाला एवं प्रखंड विकास पदाधिकारी अरुण कुमार मुंडा के साथ बैठक कर क्षेत्र में चल रहे विकास कार्यो की जानकारी ली. साथ ही आगामी 14 मई से शुरू होने वाले जनगणना कार्य की भी समीक्षा की. विधायक घंटों प्रखंड मुख्यालय में बैठकर ग्रामीणों की समस्याओं को भी सुना और अधिकारियों को आवश्यक दिशा निर्देश भी दिया. (नीचे भी पढ़ें)
स्वास्थ्य, शिक्षा एवं विकास कार्यो का जारी रहेगा निरीक्षण : निरीक्षण के उपरांत विधायक संजीव सरदार ने कहा कि उनकी प्राथमिकता क्षेत्र में शिक्षा, स्वास्थ्य एवं विकास योजनाओं को बेहतर बनाना है. इसी के तहत वे इन कार्यो का निरीक्षण कर रहे है जो आगे भी जारी रहेगा. उन्होंने कहा कि कार्यो में लापरवाही बरतने वाले को सुधार का निर्देश दिया जा रहा है. इसके बावजूद सुधार नही होगा तो कारवाई के लिये तैयार रहे.



