
जमशेदपुर: जमशेदपुर के साकची थाना अंतर्गत स्ट्रेट माइल रोड स्थित कब्रिस्तान के सामने कंपनी क्वार्टर संख्या एल 4/98 में रविवार को गैस सिलेंडर से लीकेज होने के कारण अचानक आग लग गई. घटना उस समय हुई जब घर के किचन में खाना बनाने की तैयारी चल रही थी. देखते ही देखते आग ने पूरे रसोईघर को अपनी चपेट में ले लिया और घर के अन्य हिस्सों तक फैल गई. घटना की सूचना मिलते ही साकची थाना पुलिस मौके पर पहुंची. सूचना मिलने के बाद टाटा स्टील की एक दमकल और झारखंड फायर ब्रिगेड की एक दमकल मौके पर पहुंचकर राहत एवं बचाव कार्य में जुट गई. अग्निशमन विभाग की तत्परता से आग पर काबू पा लिया गया, जिससे बड़ी दुर्घटना टल गई.(नीचे भी पढ़े)

घरवालों के अनुसार आग लगने से घर में रखे फर्नीचर, घरेलू सामान, कपड़े और अन्य जरूरी वस्तुएं जलकर राख हो गयी. इस आगजनी में करीब डेढ़ लाख रुपये की संपत्ति का नुकसान हुआ है.
फिलहाल किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है. पुलिस और अग्निशमन विभाग पूरे मामले की जांच कर रहे हैं. शुरुआती जांच में गैस सिलेंडर लीकेज को आग लगने का मुख्य कारण माना जा रहा है.स्थानीय लोगों का कहना है कि समय रहते दमकल की टीम पहुंच गई, जिससे आग को फैलने से रोका जा सका और आसपास के क्वार्टर सुरक्षित बच गए.







