जमशेदपुर : जमशेदपुर से सटे कपाली ओपी क्षेत्र अंतर्गत बंधुगोड़ा वार्ड संख्या-14 में शनिवार को 16 वर्षीय छात्रा की मौत से पूरे इलाके में शोक का माहौल है. मृतका की पहचान हिना प्रवीण के रूप में हुई है, जो शहाबुद्दीन अंसारी की पुत्री थी. वह हाल ही में कक्षा 8 उत्तीर्ण कर कक्षा 9 में नामांकित हुई थी. परिजनों के अनुसार, घटना के समय हिना घर पर अकेली थी. इसी दौरान उसने घर के अंदर लगे पाइप में दुपट्टे का फंदा बनाकर आत्महत्या का प्रयास किया. कुछ समय बाद परिजनों की नजर उस पर पड़ी, जिसके बाद घर में अफरा-तफरी मच गई. स्थानीय लोगों की मदद से उसे तत्काल फंदे से नीचे उतारकर इलाज के लिए एमजीएम अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया. हिना की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया. माता-पिता और अन्य परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है. मोहल्ले के लोग भी इस दुखद घटना से स्तब्ध हैं और शोक संतप्त परिवार को सांत्वना देने पहुंच रहे हैं. (नीचे भी पढ़ें)
बताया जा रहा है कि हिना पढ़ाई में रुचि रखने वाली छात्रा थी. उसकी अचानक हुई मौत ने परिवार और आसपास के लोगों को गहरे सदमे में डाल दिया है. घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस मामले की जांच में जुट गई है. पुलिस ने आवश्यक कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी है और घटना के कारणों का पता लगाने का प्रयास कर रही है. फिलहाल आत्महत्या के पीछे की वजह स्पष्ट नहीं हो सकी है. पुलिस परिजनों और स्थानीय लोगों से पूछताछ कर सभी पहलुओं की जांच कर रही है. अधिकारियों का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही घटना के कारणों को लेकर स्पष्ट जानकारी सामने आ सकेगी.
यदि आप या आपका कोई परिचित मानसिक तनाव, अवसाद या आत्महत्या के विचारों से जूझ रहा है, तो तुरंत परिवार, मित्रों या किसी मानसिक स्वास्थ्य विशेषज्ञ से संपर्क करें और सहायता लें.







