रामगोपाल जेना,मनोहरपुर: झारखंड मजदूर संघर्ष संघ के बैनर तले स्थानीय बेरोजगार युवा अपनी विभिन्न मांगो के समर्थन में 03 फ़रवरी को गुवा (सेल) ऑफिस का घेराव करेंगे. इसकी जानकारी देते हुए मजदूर नेता राजेश सांडिल ने बताया कि गुवा सेल प्रबंधन स्थानीय बेरोजगार युवाओं के हितों को नजरअंदाज कर रही हैं. जिससे स्थानीय युवा श्रमिकों में भारी रोष व्याप्त है. उन्होंने कहा कि गुवा सेल मांइस में स्थानीय लोगों के बदले बाहरी लोगों को रोज़गार देने का काम किया जा रहा है. श्रमिक संगठन इसका पुरजोर विरोध करने का निर्णय लिया हैं.(नीचे भी पढ़े)
वहीं मजदूर नेता रामा पांडे के नेतृत्व में झारखंड मजदूर संघर्ष संघ व सारंडा के विभिन्न गांवों के स्थानीय बेरोजगार युवा श्रमिक गुवा सेल प्रबंधन के विरुद्ध आर पार लड़ाई लड़ने के मूड में हैं. तथा अपनी मांगों को लेकर आंदोलन को जारी रखेंगे. उन्होंने कहा कि विगत दिनों पूर्व मुख्यमंत्री मधु कोड़ा की अध्यक्षता में किरीबुरु गेस्ट हाउस में स्थानीय युवाओ को सेल के मांइस में रोज़गार में प्राथमिकता के अलावा बुनियादी सुविधाओं के संबंध में एक बैठक हुई थी. जिसमें सेल प्रबंधन को स्थानीय 500 बेरोजगार युवाओं को रोज़गार देने की बात कही गई थी. लेकिन सेल प्रबंधन आज तक इस पर कोई ध्यान नहीं दिया है. इस बात को लेकर स्थानीय मजदूर संघ व बेरोजगार युवाओं में सेल प्रबंधन के प्रति नाराज़गी बढ़ती जा रही है.



