चाईबासा: पश्चिमी सिंहभूम जिले के नोवामुंडी प्रखंड की गुवा क्षेत्र के समीप कारो नदी के पानी का रंग काला पड़ने से स्थानीय स्तर पर चिंता बढ़ गई है. नदी के पानी में आए इस बदलाव के बाद औद्योगिक कचरा, तेल, मोबिल अथवा किसी रासायनिक पदार्थ के नदी में पहुंचने की आशंका जताई जा रही है. हालांकि, पानी के काले पड़ने का वास्तविक कारण फिलहाल स्पष्ट नहीं है. मामले की वैज्ञानिक जांच के बाद ही स्थिति साफ हो सकेगी. (नीचे भी पढ़े)
कारो नदी की गंदगी को लेकर सोमवार को जिला परिषद सदस्य देवकी कुमारी व मजदूर नेता रमा पांडे स्थानीय ग्रामीणों के साथ नदी के समीप पहुंचकर नाराज़गी जताई. उन्होंने नदी के पानी की स्थिति पर चिंता जताते हुए संभावित प्रदूषण के स्रोत की जांच कराने की आवश्यकता बताई. उनका कहना है कि नदी के पानी की गुणवत्ता की नियमित निगरानी होनी चाहिए तथा प्रदूषण की स्थिति सामने आने पर उसके कारणों की पहचान कर आवश्यक कार्रवाई की जानी चाहिए.




