रामगोपाल जेना/चाईबासा : आदिवासी किसान मजदूर पार्टी के केंद्रीय अध्यक्ष जॉन मिरन मुंडा के नेतृत्व में गांव-गांव में बैठकें आयोजित कर सिंहपोखरिया से सेरेंगसिया सड़क मार्ग पर नियमित पुलिस पेट्रोलिंग की मांग उठाई गई. बैठक में क्षेत्र में बढ़ती नशाखोरी, अवैध गतिविधियों और नाबालिग लड़कों की बढ़ती अवारागर्दी पर चिंता व्यक्त की गई. बैठक में कहा गया कि सिंहपोखरिया से सेरेंगसिया सड़क पर आए दिन नाबालिग लड़के बिना नंबर प्लेट की मोटरसाइकिल चलाते हुए तथा एक बाइक पर चार-चार लोग बैठकर घूमते दिखाई देते हैं. कई लड़के गांजा और ब्राउन शुगर का सेवन करते हैं तथा बिना हेलमेट के वाहन चलाते हैं, जिससे दुर्घटना और अपराध की घटनाएं बढ़ रही हैं. (नीचे भी पढ़ें)
नेताओं ने आरोप लगाया कि झींकपानी, टोंटो प्रखंड सहित पूरे पश्चिमी सिंहभूम जिले में कई स्थानों पर गांजा और ब्राउन शुगर की खुलेआम बिक्री हो रही है. इसके कारण 10 से 12 वर्ष तक के छोटे बच्चों में भी नशे की लत बढ़ रही है, जिससे चोरी और अन्य आपराधिक घटनाओं में वृद्धि हो रही है. बैठक में यह भी कहा गया कि रुंगटा गार्डन और कचहरी तालाब जैसे स्थानों पर आदिवासी नाबालिग लड़के-लड़कियां स्कूल छोड़कर घूमते दिखाई देते हैं, जो उनके भविष्य के लिए गंभीर खतरा है. इस पर रोक लगाने की मांग की गई. (नीचे भी पढ़ें)
आदिवासी किसान मजदूर पार्टी ने प्रशासन से सिंहपोखरिया से सेरेंगसिया सड़क में नियमित पुलिस पेट्रोलिंग शुरू कराने तथा झींकपानी और टोंटो क्षेत्र में गांजा एवं ब्राउन शुगर की बिक्री पर सख्त कार्रवाई करने की मांग की है. इस संबंध में आज दो कट्टा, सेरेंगसिया सहित कई गांवों में बैठकें की गईं. वहीं आदिवासी किसान मजदूर पार्टी के जिला अध्यक्ष एवं जिला परिषद सदस्य मानसिंह तिरिया ने उपायुक्त को मांग पत्र सौंपकर आवश्यक कार्रवाई की मांग की.


















