रामगोपाल जेना/ चक्रधरपुर : चक्रधरपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत होटल के2 में छापामारी कर पुलिस ने मानव तस्करी के मामले का खुलासा किया है. जानकारी के अनुसार डीएलएसए से श्रम प्रवर्तन पदाधिकारी को सूचना मिली थी कि कुछ अज्ञात मानव तस्कर महिलाओं, पुरुषों एवं नाबालिग बच्चों को गुजरात ले जाकर मजदूरी कराने की तैयारी में होटल में ठहराए हुए हैं. (नीचे भी पढ़ें)
सूचना के आधार पर श्रम प्रवर्तन पदाधिकारी द्वारा चाइल्डलाइन एवं संबंधित संस्थाओं को सूचित किया गया. इसके बाद वरीय पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर सहायक पुलिस अधीक्षक सह अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी चक्रधरपुर के नेतृत्व में गठित विशेष टीम ने छापामारी के दौरान होटल के2 से 30 महिला-पुरुष मजदूरों एवं 6 नाबालिग बच्चों को मुक्त कराया, जिनमें 5 लड़के और 1 लड़की शामिल हैं. नाबालिग बच्ची को सुरक्षित रखने हेतु चाइल्ड लाइन चाईबासा को सौंप दिया गया है. (नीचे भी पढ़ें)
वहीं मजदूरों को गुजरात ले जाने वाली राजलक्ष्मी बस को जब्त कर थाना परिसर में रखा गया है. मामले में चक्रधरपुर थाना में मामला दर्ज कर दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है. गिरफ्तार आरोपियों में गुजरात निवासी निकुंज गोविंद बोसामिया एवं कादिवार नीलेश भाई शामिल हैं. दोनों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है.






