रांची / जमशेदपुर: कोल्हान समेत झारखंड में एक बार ठंड वापस लौट आयी है, जहां शुक्रवार सुबह तेज हवाओं के कारण ठंड में इजाफा हुआ है और न्यूनतम तापमान में 6 डिग्री की गिरावट हुई है. इसे लेकर रांची केंद्र के मौसम वैज्ञानिक डॉक्टर अभिषेक आनंद ने बताया कि एक बार फिर से पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय हो रहा है. इससे राज्य में बूंदाबांदी तो नहीं पर ठंड में इजाफा होने की संभावना है. इस दौरान अगले तीन दिन न्यूनतम तापमान में 4-5 डिग्री की गिरावट होगी. वहीं 10 फरवरी से बादलों के कारण न्यूनतम पारा में तेजी से बढ़ोतरी होगी. गुरुवार रात चतरा का न्यूनतम पारा सबसे कम 6.6 डिग्री रिकॉर्ड किया गया. गुरुवार रात रांची का न्यूनतम पारा 12.4 डिग्री, जमशेदपुर का 13.0 डिग्री, डाल्टनगंज का 8.7 डिग्री, बोकारो का 10.4 डिग्री, चाईबासा का 12.6 डिग्री, देवघर का 10.4 डिग्री, धनबाद का 9.1 डिग्री, गढ़वा का 7 डिग्री, गोड्डा का 17.9 डिग्री, हजारीबाग का 8.4 डिग्री, जामताड़ा का 10.8 डिग्री, बहरागोड़ा का 16.5 डिग्री, लोहरदगा का 13.5 डिग्री, पाकुड़ का 9.9 डिग्री, पलामू का 11.2 डिग्री, सरायेकला का 11.3 डिग्री, सिमडेगा का 8.4 डिग्री और जामताड़ा का 10.9 डिग्री रिकॉर्ड किया गया. वहीं राज्य में 6 जिलों का न्यूनतम पारा 10 डिग्री से कम रिकॉर्ड किया गया. (नीचे भी पढ़ें)
तापमान का पूर्वानुमान – झारखंड के रांची केंद्र के मौसम विशेषज्ञ डॉक्टर अभिषेक आनंद ने तापमान को लेकर पूर्वानुमान जारी किया है. उन्होंने अधिकतम और न्यूनतम तापमान को लेकर पूर्वानुमान जारी किया है. अधिकतम तापमान को लेकर बताया है कि राज्य में अगले तीन दिन यानी शनिवार, रविवार और सोमवार को अधिकतम तापमान में कोई बड़े बदलाव की संभावना नहीं है. इसके साथ ही अगले 2 दिन यानी मंगलवार से धीरे-धीरे तापमान में 3-4 डिग्री सेल्सियस की वृद्धि होने की संभावना है. न्यूनतम तापमान को लेकर उन्होंने कहा है कि उत्तरी – मध्य हिस्सों में अगले दो दिन यानी शनिवार और रविवार को न्यूनतम तापमान में कोई बड़े बदलाव की संभावना नहीं है. वहीं दक्षिणी हिस्सों में अगले 24 घंटे में 2-3 डिग्री सेल्सियस की गिरावट हो सकती है. इसके पश्चात न्यूनतम तापमान में 3-4 डिग्री सेल्सियस की वृद्धि होने की संभावना है.



