रांची / जमशेदपुर : जमशेदपर सहित पूरे कोल्हान में शुक्रवार सुबह से ही मौसम बदला हुआ है, जहां दोपहर होते ही आसमान में काले बादल छाए रहे और मूसलाधार बारिश होने लगी. पिछले कुछ दिनों से कमजोर पड़े मानसून के फिर सक्रिय होने से लोगों को उमस और गर्मी से राहत मिली है. बारिश से तापमान में भी गिरावट आई है. वहीं जमशेदपुर में शुक्रवार को रही झमाझम बारिश के कारण शहर के कई निचले इलाकों में जलभराव की स्थिति बन गई है, जिससे लोगों को आवागमन में परेशानी हो रही है. वहीं दूसरी ओर भारी बारिश के कारण डीसी कार्यालय के सामने भी जलजमाव की स्थिति उत्पन्न हो गयी है. (नीचे भी पढ़ें)

मौसम विभाग के पूर्वानुमान अनुसार कोल्हान सहित पूरे झारखंड में अगले कुछ दिनों तक मानसूनी गतिविधियां सक्रिय रह सकती हैं. आसमान में बादल छाए रहने के साथ हल्की से मध्यम बारिश और बीच-बीच में तेज बारिश होने की संभावना है. गरज-चमक के साथ बारिश का दौर भी देखने को मिल सकता है. अगले चार दिनों तक बारिश होने से तापमान में गिरावट रहने की उम्मीद है. (नीचे भी पढ़ें)

शनिवार को मिलाजुला रहेगा मौसम : मौसम विभाग के पूर्वानुमान अनुसार शनिवार को भी मानसून सक्रिय रहेगा. आसमान में बादल छाए रहने के साथ हल्की से मध्यम दर्जे की बारिश और बीच-बीच में तेज बारिश होने की संभावना है. इस दौरान कोल्हान के तीनों जिला सहित सिमडेगा, खूंटी, गुमला, लोहरदगा, रांची, रामगढ़ और बोकारो में भारी बारिश का अनुमान है.




