रामगोपाल जेना/चक्रधरपुर : चक्रधरपुर पुरानी बस्ती स्थित ओडिया मध्य विद्यालय परिसर में रविवार को श्री जगन्नाथ संस्कृति के तत्वावधान में साईं महोत्सव का आयोजन हुआ. सुबह में कांकड़ आरती के साथ साईं पूजा शुरू की गई. पुजारी ने मंत्रोच्चार के साथ पूजा कराई. श्रद्धालुओं ने पूजा-अर्चना कर सुख-समृद्धि की कामना की. (नीचे भी पढ़ें)

दोपहर दो बजे भंडारा का आयोजन किया गया, जिसमें सैकड़ों श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया. शाम चार बजे श्रद्धालुओं ने पालकी यात्रा निकाली. पालकी यात्रा पुरानी बस्ती से नीचे टोला, गुंडिचा मंदिर, थाना रोड पहुंची, साईं मोंटेश्वरी स्कूल में पालकी का स्वागत किया गया. (नीचे भी पढ़ें)

इसके बाद पालकी यात्रा थाना रोड होते हुए मेन रोड, शहीद भगत सिंह चौक, पुराना रांची रोड के रास्ते शीतला मंदिर स्थित साईं देवस्थान पहुंची. वहां पालकी का स्वागत किया गया. इसके बाद बाटा रोड, पवन चौक, राजबाड़ी रोड होते हुए आयोजन स्थल पहुंची. यात्रा के दौरान श्रद्धालु पालकी के आगे नारंगी व पीले झंडे हाथों में लिए चल रहे थे. इस दौरान लोगों ने साईं बाबा के जयकारे लगा रहे थे. शाम में संध्या आरती के साथ जमशेदपुर के कलाकारों ने भजन प्रस्तुत किया। इस मौके पर काफी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित थे.



