गम्हरिया: सरायकेला- खरसावां जिला के गम्हरिया प्रखंड अंतर्गत जयकान पंचायत भवन सचिवालय में बुधवार को सीडीपीओ की मौजूदगी में आयोजित डायन प्रथा उन्मूलन कार्यक्रम में पदमश्री छुटनी महतो ने शिरकत की. जहां कार्यक्रम में मौजूद ग्रामीणों को डायन प्रथा प्रतिषेध अधिनियम 2001 की जानकारियां दी गई. बता दें कि यह वही पंचायत है जहां से डायन का आरोप लगाकर छुटनी महतो को निर्वासित किया गया था. सीडीपीओ द्वारा बताया गया कि पदमश्री छुटनी महतो ने डायन प्रथा के खिलाफ जीवन भर लड़ाई लड़ी और अभी भी अगर कहीं भी उन्हें इसकी जानकारी मिलती है वे इस लड़ाई को जारी रखे हैं. (नीचे भी पढ़ें)
उन्होंने ग्रामीणों को बताया कि किस तरह से डायन प्रथा के खिलाफ आवाज बुलंद की जा सकती है और कानून का सहारा लिया जा सकता है. वही पद्मश्री छुटनी महतो ने लोगों से डायन प्रथा के खिलाफ एकजुट होकर आगे आने की अपील की. उन्होंने बताया कि यह एक सामाजिक कुरीति है जिससे सभी को लड़ने की जरूरत है. इसके लिए जागरूकता ही सबसे बड़ा समाधान है.



