जमशेदपुर : जमशेदपुर के बिरसानगर थाना क्षेत्र के शांति समिति के सदस्य गुलजार सिंह ने एसएसपी कार्यालय में शिकायत दर्ज कराई है. उन्होंने बताया है कि कुछ लोग उनकी जान के पीछे पड़े हैं. उन्हें लगातार जान से मारने की धमकी दी जा रही है. उन्होंने बताया कि 19 दिसंबर की रात जब वह अपने घर लौट रहे थे, तभी रात 11 बजे के करीब स्विफ्ट डिजायर कार में सवार कुछ युवकों ने उन्हें ओवरटेक किया और पिस्टल चमकाया. किसी तरह वह खुद को बचाकर वहां से निकलने में कामयाब रहे. (नीचे भी पढ़ें)
गुलजार सिंह ने आगे बताया कि 20 दिसंबर को उनकी कार का शीशा तोड़ दिया गया और 25 दिसंबर को उनकी कार का टायर चोरी कर लिया गया. उन्होंने इस संबंध में पहले बिरसानगर थाना प्रभारी से शिकायत की थी, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई अब उन्होंने एसएसपी कार्यालय में कई सीसीटीवी फुटेज के साथ शिकायत दर्ज कराई है और मामले की जांच व सख्त कार्रवाई की मांग की है.














