रांची: बजट सत्र के 19वें दिन राज्य सरकार ने झारखंड कारा व सुधारात्मक सेवाएं विधेयक 2025 तैयार कर पेश किया. इस विधेयक में 24 अध्याय में कुल 89 बिन्दुओं को शामिल किया गया है. जिसमें कैदियों, जेल की सुरक्षा, जेल अधिकारियों के कर्तव्य, कैदियों से मुलाकात,एक दूसरे जेल में स्थानांतरण और नियमों के उल्लंघन करने पर जेल अधीक्षक की ओर से दी जाने वाली सजा का जिक्र है. विदित हो कि देश की शीर्ष अदालत ने जनहित याचिकाओं की सुनवाई के दौरान जेल में सुधार से संबंधित कई महत्वपूर्ण सुझाव दिए गए थे. (नीचे भी पढ़े)
जेल को पहले की व्यवस्था में दंडात्मक कार्रवाई समझा जाता था. लेकिन सुप्रीम कोर्ट ने इसे सुधार करने के लिए सुधारात्मक बनाने का निर्देश दिया था. जिसके बाद राज्य सरकार ने झारखंड कारा एवं सुधारात्मक सेवाएं विधेयक 2025 तैयार कर पेश किया. इस विधेयक में कारा एवं सुधारात्मक सेवाओं को लेकर प्रशासनिक व्यवस्था का जिक्र करते हुए महानिरीक्षक, अपर महानिरीक्षक, उप महानिरीक्षक और सुधारात्मक अकादमी के निदेशक जैसे पदों पर अधिकारियों को पदस्थापित करने का प्रावधान किया गया है. साथ ही जेल अधीक्षक को अनुशासन, नियंत्रण, दंड, श्रम व व्यय और सुधार संबंधित विषयों के प्रबंधन की जिम्मेदारी सौंपी गयी है. जेल में प्रशासनिक व्यवस्था के तहत 14 तरह के रजिस्टर रखने का प्रावधान किया गया है.(नीचे भी पढ़े)
जिसमें सजायाफ्ता कैदियों के लिए प्रवेश पंजी, विचाराधीन कैदियों के लिए प्रवेश पंजी, कारामुक्त किए जाने वाले कैदियों के लिए रजिस्टर, लॉकअप पंजी, गेट रजिस्टर, रोकड़ बही, स्टाक बुक सहित अन्य प्रकार के रजिस्टर शामिल है. बंदियों को उम्र सुरक्षा जोखिम आदि के अनुसार अलग-अलग जगहों में रखने के लिए नौ श्रेणी में बांटा गया है.सुरक्षा दृष्टिकोण से कैदियों को पांच श्रेणी में बांटा गया है. अधिकतम सुरक्षा वाला, कम सुरक्षा वाला, प्रशासनिक अलगाव के लिए बंदी, मध्यम सुरक्षा बंदी और न्यूनतम सुरक्षा बंदी शामिल हैं. साथ ही कैदियों द्वारा नियमों का उल्लंघन करने पर कारा अधीक्षक को दंडित करने का अधिकार दिया गया है. (नीचे भी पढ़े)
जिसमें कामों को नियम विरूद्ध माना जाएगा, उसकी सूची मे जानबूझ कर नियमों का उल्लंघन करना, हमला करना, अपमान जनक भाषा का प्रयोग करना, अभद्र व्यवहार करना, हथकड़ी या सलाखों को रगड़ना या काटना, बीमारी का बहाना बनाना, जेल से भागने की साजिश करना, जेल अधिकारी के खिलाफ साजिश रचना, उस पर हमला करने या जेल से किसी के भागने की जानकारी होने के बावजूद संबंधित अधिकारी का जानकारी नहीं देना भी अपराध की श्रेणी में माना जाएगा. इस तरह के कैदियों के मामले में जेल अधीक्षक एक साल तक पेरोल देने पर रोक लगा सकते है. उसे तीन महीने तक अलग कमरे में रख सकते है. 14 दिन तक सेलुलर जेल में रख सकते है. साथ ही साथ एक महीने तक कैंटीन की सुविधा पर रोक लगा सकते है.














