जमशेदपुर: जमशेदपुर के गोलमुरी थाना क्षेत्र के नामदाबस्ती में रहने वाले चर्चित डांगा परिवार के घर में घुसकर चोरों ने लाखों की चोरी कर ली. घटना सोमवार देर रात की है. इस घटना को उनके ही दो खास पहचान के लोगों ने अंजाम दिया, जिससे सनसनी फैल गयी. दोनों आरोपियों में नामदाबस्ती गुरुद्वारा सिख नौजवान सभा के प्रधान त्रिलोचन सिंह राजा और दूसरा करण शामिल है. करण भुक्तभोगी परिवार का पड़ोसी है. बताया जाता है कि जब करण दो साल का था, तब से डांगा परिवार के सदस्यों के साथ खेलता-कूदता था. करण के परिवार को घर बनाने के लिए भी जमीन डांगा परिवार ने मुहैया कराई थी. जब यह घटना को अंजाम दिया उस वक्त घर में कोई नहीं था. ओंकार सिंह बिट्टू, सुक्खा और उनकी मां स्त्री सत्संग सभा की प्रधान बलविंदर कौर पंजाब में हैं. दो चार दिनों में उनकी वापसी होने वाली थी कि उससे पहले चोरी की घटना होने और खासकर चोरों के परिचित ही निकल जाने के बाद उनके होश उड़ गए. (नीचे भी पढ़ें)
जानकारी के अनुसार दोनों आरोपियों ने सोमवार रात करीब डेढ़ बजे घर के पीछे एसबेस्ट्स की छत से प्रवेश किया. अंदर में चार अलमीरा, एक ट्रंक के ताले तोड़े. करीब ढाई लाख कैश, लाखों के गहने लेकर फरार हो गए. उसी वक्त भागने में कुछ आवाज सुनकर चचेरे भाई का परिवार जग गया. बाहर निकले तो घटना की जानकारी मिली. भुक्तभोगी बिट्टू ने बताया कि करण ने पूरी साजिश रची. वह बचपन से घर में रहता था. उसे अपने भाईयों की तरह रखा गया था. महंगे गिफ्ट से लेकर बहुत कुछ देते थे. उसके द्वारा ऐसा किया जायेगा, सोचा नहीं था. वहीं राजा पूर्व में भी दो चार चोरी कर चुका है. उसने ताले काटने में सहयोग किया. करण रात में राजा के घर रुक गया. रात में करण जब घर नहीं आया तो उसके घर के मेम्बर परेशान थे, पता चला कि वह चप्पल छोड़कर गया था. घर से भागते वक्त वह प्लास भी किचन में भूल गया. घटना को अंजाम देकर भागते हुए दोनों सीसीटीवी में कैद हो गए. जब टोनी, हरविंदर आदि ने यह देखा तो राजा की तलाश शुरू हो गयी. करण के घर जाते ही उसके परिजनों ने घुटने टेक दिए. राजा ने दौड़ाते हुए अंततः गहनो से भरा झोला उसके जेम्को दुकान में होने की जानकारी दी. लोगों ने उसे जब्त किया. करीब एक लाख का कैश गायब है. राजा फरार है. इस मामले में पुलिस तक बात नहीं गयी है. पंजाब से भुक्तभोगी परिवार के आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी. इस पूरी घटना की नामदाबस्ती और शहर के लोगों के बीच कड़ी निंदा हो रही है.














