जमशेदपुर : राजेंद्र विद्यालय, साकची में शनिवार को विद्यालय परिवार के दो अवकाश प्राप्त सदस्यों को भावभीनी विदाई दी गई. इनमें विद्यालय की भूगोल शिक्षिका इला पात्र एवं प्रयोगशाला सहायक सुनील कुमार शामिल हैं. बिहार एसोसिएशन के अध्यक्ष बीएन चौधरी की अध्यक्षता में आयोजित विदाई समारोह में दोनों पूर्व कर्मियों को शॉल ओढ़ाकर एवं स्मृति चिह्न प्रदान कर सम्मानित किया गया. (नीचे भी पढ़ें)

भूगोल की शिक्षिका इला पात्र ने अपने जीवन के स्वर्णिम 29 वर्ष विद्यालय की सेवा को अर्पित करने के बाद अवकाश ग्रहण किया है. उनके सान्निध्य में विद्यालय तथा छात्र-छात्राओं ने नई ऊंचाइयों को छुआ. वहीं जीव विज्ञान की प्रयोगशाला में सहायक सुनील कुमार ने जीवन के 34 महत्वपूर्ण वर्ष विद्यालय की सेवा में अर्पित किये. (नीचे भी पढ़ें)

विदाई समारोह में बिहार एसोसिएशन के अध्यक्ष बीएन चौधरी के अलावा बिहार एसोसिएशन सह विद्यालय के सचिव अमरेश सिन्हा, कोषाध्यक्ष विवेकानंद, विद्यालय की प्रधानाचार्य अनिता तिवारी, उप प्रधानाचार्य पियाली मुखर्जी, जूनियर इंचार्ज डी वाणी एवं सभी शिक्षक -शिक्षिकाएं उपस्थित रहे. (नीचे भी पढ़ें)

हिन्दी शिक्षिका सविता शुक्ला ने विद्यालय की सेवा से अवकाश ग्रहण करने वाले विद्यालय परिवार के दोनों सदस्यों के साथ विताए क्षणों को याद करते हुए सबको भावुक कर दिया. भूगोल शिक्षिका इला पात्र एवं प्रयोगशाला सहायक सुनील कुमार ने अपने संबोधन में विद्यालय परिवार के साथ बिताए क्षणों को याद किया. इससे पूर्व शिक्षिका वर्णाली ने दोनों निवर्तमान सहयोगियों का स्वागत किया. विद्यालय की प्रधानाचार्य अनिता तिवारी के धन्यवाद ज्ञापन के साथ विदाई समारोह संपन्न हुआ.



