रामगोपाल जेना/चाईबासा : आदिवासी हो समाज युवा महासभा के पदाधिकारियों ने रविवार को संगठन विस्तार कार्यक्रम के तहत राष्ट्रीय अध्यक्ष इपिल सामड के नेतृत्व में ओड़िशा राज्य के मयूरभंज जिलांतर्गत रारुवां ब्लॉक क्षेत्र का दौरा किया. इस दल ने प्रखंड के अंतर्गत आनेवाले विभिन्न गांवों के युवाओं से मिलकर उन्हें आदिवासी “हो” समाज महासभा और आदिवासी हो समाज युवा महासभा के सामाजिक उद्देश्यों से अवगत कराया. यही नहीं, दल के सदस्यों ने समाज के युवाओं के साथ समाज की समस्याओं और उनके समाधान के मुद्दे पर चर्चा की. इस दौरान दल के सदस्यों ने लोगों से आदिवासी हो समाज युवा महासभा से जुड़ने की अपील की एवं सामाजिक एकता और पहचान बनाने में सहयोग करने का अनुरोध भी किया. (नीचे भी पढ़ें)

इस दौरे के क्रम में भांजबेड़ा फुटबॉल मैदान में रारुवां प्रखंड कमेटी का पुनर्गठन किया गया. इसमें चक्रधर चातर को नई कमेटी का अध्यक्ष, विकास हो सिरका को उपाध्यक्ष, रवींद्र पिंगुआ को सचिव एवं अशीष हेम्ब्रम को कोषाध्यक्ष बनाया गया. नई कमेटी के पदाधिकारियों को आदिवासी हो समाज युवा महासभा की ओर से राष्ट्रीय अध्यक्ष इपिल सामड एवं पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष भूषण पाट पिंगुआ ने पारंपरिक गमछे से पगड़ी बांधकर स्वागत किया और शुभकामनाएं दीं. अपने सांगठनिक अनुभवों को साझा करते हुए नव गठित कमेटी को संगठन का विस्तार करने की जिम्मेवारी भी सौंपी गई. (नीचे भी पढ़ें)

इस अवसर पर राष्ट्रीय महासचिव गब्बरसिंह हेम्ब्रम, राष्ट्रीय क्रीड़ा सचिव नीलमोहन चातर, झारखंड प्रदेश अध्यक्ष गोविन्द बिरुआ, प्रदेश कोषाध्यक्ष शंकर शिदु, संयुक्त सचिव सिकंदर हेम्ब्रम, पश्चिमी सिंहभूम जिलाध्यक्ष शेर सिंह बिरुआ, जिला सचिव ओएबन हेम्ब्रम, सदस्य दीप्तिकांत केराई, दारे बोदरा, राहुल कुल्डी, बिरसा कुदादा, बुधराम हेम्ब्रम आदि लोग मौजूद रहे.



