जमशेदपुर : नगर की संस्था एडीएल सोसाइटी की रविवार को एडीएल सनशाइन स्कूल में आयोजित होने जा रही वार्षिक आम सभा (एजीएम) एक बार फिर विवादों की भेंट चढ़ गई. (नीचे भी पढ़ें)
लंबे समय से चले आ रहे आंतरिक विवाद के बीच अध्यक्ष ईश्वर राव गुट द्वारा एजीएम कराने का प्रयास किया जा रहा था. इसी बीच वहां पहुंचे महासचिव के गुरुनाथ राव के गुट ने इसका विरोध शुरू कर दिया. देखते ही देखते मामला मारपीट तक पहुंच गया, हालांकि वहां उपस्थित पुलिस बल ने दोनों दलों को अलग कर मामला शांत कराया. विरोधी गुट ने सभा शुरू होने के पहले ही स्कूल के गेट पर ताला जड़ दिया और किसी को भी अंदर प्रवेश नहीं करने दिया. सत्तारूढ़ एवं विपक्षी खेमों के बीच जोरदार बहस हुई, जो जल्द ही हाथापाई में तब्दील हो गई जिससे स्कूल परिसर के बाहर अफरा-तफरी का माहौल बन गया. (नीचे भी पढ़ें)
घटना की सूचना मिलने पर वहां पहुंची स्थानीय पुलिस ने दोनों गुटों को अलग कर स्थिति को नियंत्रण में किया. विरोधी के गुरुनाथ राव के गुट ने ईश्वर राव गुट पर पारदर्शिता की कमी, एकतरफा निर्णय और वित्तीय अनियमितता के साथ ही कई सदस्यों को एजीएम से दूर रखने और समय पर सूचना नहीं देने का आरोप लगाया. (नीचे भी पढ़ें)
वहीं सत्तारूढ़ ईश्वर राव गुट ने सभी आरोपों को झूठा और निराधार बताते हुए कहा कि एजीएम पूरी पारदर्शिता के साथ आयोजित की गई थी. लेकिन विपक्ष जान-बूझकर माहौल बिगाड़ने और छवि धूमिल करने का प्रयास कर रहा है.गौरतलब है कि एडीएल सोसाइटी में वर्षों से आंतरिक विवाद चला आ रहा है. यह मामला कई बार कोर्ट भी पहुंच चुका है, लेकिन अब तक कोई स्थायी समाधान नहीं निकल पाया है. (नीचे भी पढ़ें)
सोसाइटी के निर्वाचित महासचिव के गुरुनाथ राव ने ईश्वर राव गुट पर वित्तीय अनियमितता एवं सदस्यता में गड़बड़ी का आरोप लगाते हुए कहा कि उनकी शिकायत पर अनुमंडल प्रशासन ने पूरे मामले की जांच आरंभ की है, जिसको लेकर ईश्वर राव गुट में बेचैनी है. उन्होंने कहा कि उनके द्वारा विगत वर्ष आहूत एजीएम को एसडीओ द्वारा अवैध ठहराया जा चुका है. अब वे लोग पुनः एजीएम कर उक्त अवैध घोषित बैठक को पारित कराना चाह रहे हैं. वे इसका विरोध कर रहे हैं और इसी को लेकर उनके साथ अन्य सदस्यों ने एजीएम नहीं होने देने के लिए परिसर में किसी को नहीं घुसने देने का निर्णय लिया है.



