रामगोपाल जेना/चक्रधरपुर : सोनुआ में समाज को शर्मसार करने वाली घटना ने सभी को सकते डाल दिया है. घटना भी ऐसी, जो किसी भी स्वच्छ समाज को गंदा करने के लिए काफी है. यहां मिली जानकारी के मुताबिक एक 30 वर्षीय युवक ने बहला-फुसला कर एक आठ वर्षीय बच्ची के साथ दुष्कर्म किया है. घटना की जानकारी मिलने पर ग्रामीणों ने पहले आरोपी युवक की जमकर धुनाई की, फिर पुलिस के हवाले कर दिया है. (नीचे भी पढ़ें)
जानकारी के अनुसार पीड़िता बच्ची सोमवार शाम को आम तोड़ने के लिए आम बगान में गई थी. इसी दौरान सोनुआ थाना क्षेत्र के सारंडियापोस गांव निवासी सीताराम गिलुआ ने बच्ची को अकेला पाकर जबरन उठाकर पास स्थित नदी के पार ले जाकर उसके साथ दुष्कर्म किया. बच्ची के चिल्लाने की आवाज सुन कर ग्रामीण घटनास्थल पर पहुंचे एवं बच्ची को बचाया. मौके पर ग्रामीणों ने आरोपी युवक सीताराम गिलुवा को पकड़ कर पहले जमकर पीटा. इसी दौरान ग्रामीणों ने घटना की सूचना पुलिस को दी, जिसके बाद ग्रामीणों ने आरोपी को पुलिस के हवाले कर दिया. सोनुआ पुलिस ने इस मामले में आरोपी युवक के खिलाफ मामला दर्ज कर मंगलवार को जेल भेज दिया है.



