जमशेदपुर : विगत 22 अप्रैल को परसुडीह थानांतर्गत घाघीडीह जेल गेट के पास हुई फायरिंग के मामले का खुलासा करते हुए पुलिस ने चार लोगों को गिरफ्तार कर लिया है. गिरफ्तार चारों आरोपियों ने पूछताछ के क्रम में फायरिंग की घटना में अपनी संलिप्तता स्वीकार कर ली है. जमशेदपुर के सिटी एसपी कुमार शिवाशीष ने आज पत्रकारों को उक्त जानकारी दी. (नीचे भी पढ़ें)

बताते चलें कि विगत 22 अप्रैल को परसुडीह थाना क्षेत्र अंतर्गत घाघीडीह जेल गेट के पास बाइक सवार कुछ अपराधी हवाई फायरिंग करते हुए फरार हो गए थे. बाद में जेल प्रबंधन की ओर से प्राप्त शिकायत पर कार्रवाई करते हुए वरीय पुलिस अधीक्षक किशोर कौशल के निर्देश पर विशेष जांच दल गठित किया गया.
यह भी पढ़ें: जमशेदपुर में प्रशासन ने लोगों को सड़क सुरक्षा के प्रति किया जागरूक, हेलमेट का किया वितरण
गठित विशेष जांच दल ने अनुसंधान के क्रम में मामले का उद्भेदन करते हुए फायरिंग मामले में शामिल एमजीएम थानांतर्गत तुरियाबेड़ा निवासी गणेश कर्मकार, वहीं के अविनाश कुमार, गोलपहाड़ी निवासी सौरभ सिंह उर्फ तोड़े एवं कदमा निवासी राजू मौर्य को गिरफ्तार कर लिया. चारों ने पूछताछ के क्रम मामले में अपनी संलिप्तता स्वीकार करते हुए वारदात में प्रयुक्त सामानों के बारे में भी जानकारी दी. (नीचे भी पढ़ें)
पुलिस टीम ने उनकी निशानदेही पर एक देसी कट्टा, एक खाली खोखा, घटना में प्रयुक्त हीरो स्प्लेंडर बाइक एवं घटना के समय उनके द्वारा पहने कपड़े भी बरामद कर लिये. पकड़े गए अपराधियों में से सौरभ सिंह उर्फ तोड़े पर सीतारामडेरा थाना में दो आपराधिक मामले लंबित हैं. पुलिस ने मामले में गिरफ्तार चारों आरोपियों का आज चालान कर कोर्ट में प्रस्तुत किया, जहां से उनको न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया.














