रामगोपाल जेना/चाईबासा : पश्चिमी सिंहभूम जिला क्रिकेट संघ के तत्वावधान में ज्ञानचंद जैन चैरिटेबल ट्रस्ट द्वारा प्रायोजित अंतर जिला स्कूल क्रिकेट प्रतियोगिता के तहत गुरुवार को दो मैच खेले गए. पूर्वाह्न सात बजे से खेले गए पहले मैच में सूरजमल जैन डीएवी पब्लिक स्कूल, चाईबासा ने संत जेवियर्स बालक उच्च विद्यालय, चाईबासा को 50 रनों से जबकि अपराह्न तीन बजे से खेले गए दूसरे मैच में चक्रधरपुर के इंदिरा गांधी शिक्षा निकेतन ने उच्च विद्यालय महुलडीहा को एकतरफा मुकाबले में 9 विकेट से पराजित किया.(नीचे भी पढ़ें)

चाईबासा के बिरसा मुंडा क्रिकेट स्टेडियम मैदान पर खेले गए पहले मैच में टॉस संत जेवियर्स बालक उच्च विद्यालय के कप्तान ने जीता तथा विपक्षी टीम को पहले बल्लेबाजी के लिए आमंत्रित किया. पहले बल्लेबाजी करते हुए डीएवी पब्लिक स्कूल चाईबासा की टीम ने निर्धारित बीस ओवरों में आठ विकेट के नुकसान पर 139 रन बनाए. कप्तान हितेश वैद्य ने चार चौकों की सहायता से सर्वाधिक 24 रन बनाए. छठे नंबर पर बल्लेबाजी करने आये नेस्कॉन हेंम्ब्रम ने 23 तथा सोहम मैती ने 18 रनों की पारी खेली. संत जेवियर्स बालक उच्च विद्यालय की ओर से सावन गोप ने 14 रन देकर दो विकेट हासिल किए। शंकर सामड़, प्रियांशु गुप्ता एवं रजाजुल हक को एक-एक सफलता हाथ लगी. (नीचे भी पढ़ें)
जीत के लिए निर्धारित लक्ष्य का पीछा करने उतरी संत जेवियर्स बालक उच्च विद्यालय की टीम 16 ओवर में मात्र 89 रन बनाकर ऑल आउट हो गई. इस टीम की ओर से पारी की शुरुआत करने आए कप्तान मोतालिब हक ने 17, सावन गोप ने 14 तथा एजाजुल हक ने 11 रन बनाए. अन्य कोई भी बल्लेबाज दहाई तक नहीं पहुंच पाया. डीएवी पब्लिक स्कूल चाईबासा की ओर से प्रिंस कुमार यादव ने 12 रन देकर तीन तथा अदनान शब्बीर ने 20 रन खर्च कर तीन विकेट चटकाये. हितेश वैद्य को दो तथा दिव्यांश यादव को एक सफलता हाथ लगी. सूरजमल जैन डीएवी पब्लिक स्कूल के कप्तान हितेश वैद्य को उसके हरफनमौला प्रदर्शन के लिए मैन ऑफ द मैच का पुरस्कार प्रदान किया गया. (नीचे भी पढ़ें)
आज ही अपराह्न तीन बजे से खेले गए दूसरे मैच में टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए उच्च विद्यालय महुलडीहा की टीम ने निर्धारित बीस ओवरों में नौ विकेट के नुकसान पर 124 रन बनाए. उच्च विद्यालय महुलडीहा की ओर से सागर पुर्ती ने 22, कप्तान पीयूष महतो ने 18, शेख मो अलफैज एवं अभिनव महतो ने 16-16 रन बनाये. इंदिरा गांधी शिक्षा निकेतन की ओर से तनिष तांती, यश राज एवं सोनू कुमार को दो-दो विकेट मिले. जीत के लिए निर्धारित लक्ष्य का पीछा करने उतरी इंदिरा गांधी शिक्षा निकेतन की टीम ने सोनू कुमार एवं जीशान अहमद की शानदार बल्लेबाजी की बदौलत 12.1 ओवर में मात्र एक विकेट के नुकसान पर 126 रन ठोक कर मैच अपने नाम कर लिया. पारी की शुरुआत करने आए सोनू कुमार ने धुआंधार बल्लेबाजी कर मात्र 42 गेंदों पर तेरह चौकों की सहायता से नाबाद 67 रन बनाये. तीसरे नंबर पर बल्लेबाजी करने आए जीशान अहमद ने भी मात्र 29 गेंदों पर छह चौकों की मदद से 44 रनों की ताबड़तोड़ पारी खेली और अंत तक आउट नहीं हुआ. दोनों बल्लेबाजों ने मिलकर दूसरे विकेट के लिए 113 रनों की बेहतरीन साझेदारी निभाकर टीम की आसान बना दी. (नीचे भी पढ़ें)
मैच समाप्ति के बाद इंदिरा गांधी शिक्षा निकेतन, चक्रधरपुर के सोनू कुमार को उसकी शानदार बल्लेबाजी एवं गेंदबाजी के लिए मैन ऑफ द मैच के पुरस्कार से नवाजा गया.




