रामगोपाल जेना/चाईबासा : पश्चिमी सिंहभूम जिला में भारतीय जनता पार्टी की ओर से सोमवार को एक विशाल प्रदर्शन जुलूस का आयोजन किया गया. पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष बाबूलाल मरांडी के निर्देश पर जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में विगत 22 अप्रैल को हुए आतंकी हमले के विरोध में आयोजित किया गया, जिसमें धर्म के आधार पर 28 निर्दोष पर्यटकों की निर्मम हत्या कर दी गई थी. इसको लेकर पूरे देश में भारी आक्रोश व्याप्त है. (नीचे भी पढ़ें)
उक्त घटना के आलोक में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के निर्देश पर देश में वैध अथवा अवैध रूप से निवास कर रहे सभी पाकिस्तानी नागरिकों को भारत छोड़ने का आदेश जारी किया गया है. इसके अनुपालन में आज जिला अध्यक्ष संजय पांडे (संजू) के नेतृत्व में पार्टी कार्यकर्ता पूर्वाह्न 11:30 बजे रुंगटा गार्डन चौक पर एकत्र हुए और वहां से “पाकिस्तान भारत छोड़ो”, “भारत माता की जय” जैसे नारों के साथ जुलूस की शक्ल में उपायुक्त कार्यालय पहुंचे. वहां प्रदर्शनकारियों ने उपायुक्त को पाकिस्तानियों की शीघ्र पहचान कर उन्हें देश से निष्कासित करने की मांग से संबंधित एक पत्र सौंपा. (नीचे भी पढ़ें)
इस अवसर पर पूर्व सांसद एवं भाजपा प्रदेश प्रवक्ता गीता कोड़ा ने कहा कि झारखंड में पाकिस्तानी और बांग्लादेशी घुसपैठियों ने अवैध रूप से सुरक्षित पनाहगाह बना लिए हैं जबकि राज्य सरकार इस पर मौन है. उन्होंने कहा कि 48 घंटे की निर्धारित समय सीमा समाप्त हो चुकी है, अतः अब तत्काल कड़ी कार्रवाई की आवश्यकता है. पूर्व मंत्री बड़कुंबर गगराई ने कहा कि राज्य में विदेशी नागरिकों की उपस्थिति राष्ट्रीय सुरक्षा के लिए गम्भीर खतरा है. भाजपा नेता जेबी तुबिद ने भी इस विषय पर प्रशासन की निष्क्रियता की आलोचना करते हुए कहा कि झारखंड को विदेशी घुसपैठियों का अड्डा नहीं बनने दिया जाएगा. (नीचे भी पढ़ें)
भारतीय जनता पार्टी ने इस ज्ञापन के माध्यम से जिला प्रशासन से अपील की कि गृह मंत्रालय के निर्देशों का सख्ती से पालन किया जाए और पाकिस्तानियों की पहचान कर उन्हें भारत से तत्काल निष्कासित किया जाए. यह जन भावनाओं और राष्ट्र की सुरक्षा से जुड़ा विषय है, जिस पर लापरवाही नहीं बरती जाए.











