रामगोपाल जेना/चक्रधरपुर : सिंहभूम की सांसद जोबा माझी ने उन्हें झामुमो की केंद्रीय महासचिव बनाए जाने पर अभिनंदन करने पहुंचे झारखंड मुक्ति मोर्चा के नेता-कार्यकर्ताओं से कहा कि पार्टी का एक-एक कार्यकर्ता महासचिव है. सब मिलकर संगठन को और मजबूत बनाएंगे और क्षेत्र के सर्वांगीण विकास में अहम योगदान भी करेंगे. उन्होंने कार्यकर्ताओं से कहा कि जहां भी उनकी जरूरत होगी, जन कल्याण के लिए वे किसी भी समय उनसे संपर्क कर सकते हैं या अनुशंसा करा सकते हैं, पत्र लिखवा सकते हैं. आम जनता का कार्य प्राथमिकता के साथ पहले से भी करते आ रहे हैं और आगे भी यह कार्य जारी रहेगा. (नीचे भी पढ़ें)
झामुमो नेताओं ने केंद्रीय महासचिव बनाये जाने पर सांसद जोबा माझी को बुके भेंटकर उनका अभिनंदन किया एवं उन्हें बधाई भी दी. मौके पर झामुमो केंद्रीय सदस्य रामलाल मुंडा, विधायक प्रतिनिधि पीरू हेंब्रम, झामुमो नेता सह वार्ड पार्षद दिनेश जेना, प्रदीप महतो, झामुमो नेता सुजीत प्रधान, मो अशरफ, बीरेंद्र सिंह आदि मौजूद रहे.











