रांची : झारखंड के स्वास्थ्य मंत्री डॉ इरफान अंसारी को करारा झटका लगा है. डॉ इरफान अंसारी ने राज्य के सबसे बड़े अस्पताल रिम्स के निदेशक डॉ राजकुमार को हटवा दिया था. लेकिन हाईकोर्ट ने आदेश दिया कि उनको हटाना नियम संगत नहीं है. इसके बाद मंगलवार को झारखंड सरकार ने झारखंड हाईकोर्ट में रिम्स निदेशक डॉ राजकुमार को पद से हटाने से संबंधित आदेश वापस लेने की बात कही. इसके बाद कोर्ट ने निदेशक की ओर से दायर याचिका को निष्पादित कर दिया. झारखंड सरकार ने 17 अप्रैल की रात को डॉ राजकुमार को रिम्स निदेशक के पद से हटाने का आदेश जारी किया था. निदेशक से सरकार के इस आदेश को नेचुरल जस्टिस के नियमों का उल्लंघन बताते हुए सरकार की कार्रवाई को हाईकोर्ट में चुनौती दी थी. याचिका पर 29 अप्रैल को हाईकोर्ट में सुनवाई हुई. सुनवाई के दौरान कोर्ट ने निदेशक को पद से हटाने के आदेश को स्थगित कर दिया. साथ ही सरकार को अपना पक्ष पेश करने का निर्देश दिया. न्यायालय ने मामले की सुनवाई के लिए सात मई की तिथि निर्धारित की थी. न्यायाधीश दीपक रौशन की पीठ में डॉ राजकुमार की याचिका की सुनवाई हुई. इसमें सरकार की ओर से यह कहा गया कि वह डॉ राजकुमार को रिम्स निदेशक के पद से हटाने के आदेश को वापस ले लेगी. इसके बाद हाईकोर्ट ने डॉ राजकुमार की याचिका को निष्पादित कर दिया.











