जमशेदपुर: सिंहभूम चैम्बर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री के द्वारा जमशेदपुर में उच्च शिक्षण संस्थानों की स्थापना के लिए भारत सरकार के शिक्षा मंत्री धर्मेंन्द्र प्रधान को पत्र के माध्यम से ध्यानाकृष्ट कराया गया था. उच्च शिक्षा मंत्रालय ने देश के विभिन्न शिक्षण संस्थानों को इस दिशा में आगे बढ़कर जमशेदपुर में इसकी स्थापना हेतु अग्रेतर कार्रवाई करने हेतु चैम्बर की इस मांग को प्रेषित किया है.अध्यक्ष विजय आनंद मूनका ने केन्द्रीय उच्च शिक्षा विभाग एवं केन्द्रीय शिक्षा मंत्री को चैम्बर की इस मांग को विभिन्न शिक्षण को अग्रेतर कार्रवाई करने हेतु प्रेषित किये जाने पर धन्यवाद प्रेषित करते हुए कहा कि जमशेदपुर को स्थापित हुए 100 वर्ष से अधिक हो चुके हैं. और आज यह झारखण्ड राज्य की आर्थिक राजधानी के साथ औद्योगिक नगरी भी कहलाती है और जमशेदपुर की पहचान एक मिनी मेट्रो शहर के रूप में होती है. लेकिन फिर भी आज यहां छात्र-छात्राओं को उच्च स्तर की शिक्षा सुविधा की उपलब्धता हेतु बड़े शैक्षणिक संस्थानों की स्थापना अभी तक नहीं हो पाई है. (नीचे भी पढ़े)
यहां के छात्र-छात्राओं को उच्च शिक्षा सुविधा, स्नातक के बाद गुणवत्तापूर्ण पीजी की पढ़ाई, यहां तक कि राष्ट्रीय स्तरीय स्नातक की पढ़ाई के लिए जमशेदपुर से देश के दूसरे शहरों में जाना पड़ता है. यहां उच्च शैक्षणिक संस्थाओं के अभाव में छात्र-छात्राएं पलायन कर जाते हैं और इनमें अधिकांश छात्र लौटकर वापस जमशेदपुर नहीं आते और अच्छी नौकरी की चाह में देश के बड़े शहरों में ही बस जाते हैं और इससे यहां के अनुभवी वर्कफोर्स का पलायन हो जाता है. इससे जमशेदपुर के विकास नहीं हो पाने का एक बड़ा कारण यह भी है. जमशेदपुर या इसके आसपास बड़े कॉलेजों की कमी से उच्च शिक्षा में होने वालो लाखों का खर्च और राज्य का पैसा और राजस्व दूसरें राज्यों के विकास में मजबूत भूमिका निभा रहा है और जमशेदपुर को इससे कुछ भी हासिल नहीं हो रहा है. अध्यक्ष विजय आनंद मूनका ने कहा कि चैम्बर लगातार प्रयासरत है कि यहां पर बड़े उच्च शिक्षण संस्थानों की स्थापना हो इसके लिये देश के प्रधानमंत्री, झारखण्ड के मुख्यमंत्री, केन्द्र एवं राज्य के उच्च शिक्षा मंत्रालय के अलावा देश के विभिन्न उच्च शैक्षणिक संस्थानों को भी समय-समय पर पत्राचार के माध्यम से इसके लिए आग्रह किया जाता रहा है.
चैम्बर पदाधिकारियों मानद महासचिव मानव केडिया, उपाध्यक्ष अनिल मोदी, अधिवक्ता राजीव अगवाल, पुनीत कांवटिया, अभिषेक अग्रवाल गोल्डी, सचिव भरत मकानी, अंशुल रिंगसिया, बिनोद शर्मा, सुरेश शर्मा लिपु एवं कोषाध्यक्ष सीए अनिल रिंगसिया ने भी उच्च शिक्षा विभाग, भारत सरकार को चैम्बर की जमशेदपुर में उच्च शिक्षण संस्थानों की स्थापना हेतु की गई मांग को विभिन्न शिक्षण संस्थानों को प्रेषित किये जाने पर धन्यवाद दिया है.



