बीकानेर : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गुरुवार को झारखंड के तीन समेत देश के कुल 103 अमृत भारत स्टेशनों का ऑनलाइन उद्घाटन किया. प्रधानमंत्री मोदी ने उद्घाटन समारोह के तहत विडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिये रेल यात्रियों को संबोधित भी किया. प्रधानमंत्री ने इस दौरान पहलगाम आतंकी हमले के बाद भारत के एक्शन का भी जिक्र किया एवं देश के रेलवे स्टेशनों की तस्वीर में हो रहे बदलावों की भी चर्चा की. उन्होंने कहा- हम एक साथ देश के 1300 से अधिक रेलवे स्टेशनों को आधुनिक बना रहे हैं. उन्होंने आधुनिक हो रहे इन स्टेशनों को ‘अमृत भारत स्टेशन’ का नाम भी दिया. उन्होंने कहा कि आज इनमें से सौ से अधिक अमृत भारत स्टेशन बन कर तैयार हैं. उन्होंने कहा कि इन स्टेशनों पर विकास के साथ विरासत भी दिखेगी. पीएम ने आज जिन अमृत भारत स्टेशनों का उद्घाटन किया उनमें झारखंड के तीन एवं बिहार के चार अमृत भारत रेलवे स्टेशन भी शामिल हैं. (नीचे भी पढ़ें)

प्रधानमंत्री ने आज बीकानेर से झारखंड के जिन तीन अमृत भारत स्टेशनों का उद्घाटन किया, उनमें राउरकेला-हटिया रेल लाइन पर स्थित गोविंदपुर रोड स्टेशन, राजमहल रेलवे स्टेशन एवं शंकरपुर रेलवे स्टेशन शामिल हैं. इन तीनों स्टेशनों को अमृत भारत योजना के तहत विकसित किया गया है. इसी तरह प्रधानमंत्री ने बिहार को दो अमृत भारत स्टेशन की सौगात दी, जिनमें एक गोपालगंज जिले का थावे जंक्शन और दूसरा भागलपुर का पीरपैंती रेलवे स्टेशन शामिल हैं. इसी तरह आज उद्घाटित अमृत रेलवे भारत स्टेशनों में उत्तर प्रदेश के 15 आधुनिकीकृत रेलवे स्टेशन भी शामिल हैं. इन सभी नव विकसित रेलवे स्टेशनों पर यात्रियों को आधुनिक सुविधाएं मुहैया कराये जाने की योजना है. (नीचे भी पढ़ें)

बता दें कि झारखंड के गोविंदपुर रोड रेलवे स्टेशन को 6.65 करोड़ रुपये की लागत से पुनर्विकसित किया गया है, जहां यात्रियों को उन्नत सुविधाएं मुहैया कराने की व्यवस्था की गई है. वहीं पूर्व रेलवे के राजमहल अमृत भारत रेलवे स्टेशन को भी अत्याधुनिक बनाया या है जहां यात्रियों को एयरपोर्ट जैसी सुविधाएं मुहैया कराने की बात कही जा रही है. जबकि जसीडीह-मधुपुर रेल खंड पर शंकरपुर रेलवे स्टेशन का भी कायाकल्प कर दिया गया है. इसके विकास पर 7.7 करोड़ रुपये की लागत आई है, जिससे यहां भी आधुनिक यात्री सुविधाएं मुहैया कराई जा रही हैं. इनके अलावा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गुरुवार को बिहार के दो एवं उत्तर प्रदेश में 15 सहित देश भर में कुल 103 रेलवे स्टेशनों के नये भवन का उद्घाटन भी किया.











