रामगोपाल जेना,चाईबासा/मझगांव: मझगांव विधानसभा क्षेत्र के मझगांव प्रखंड अंतर्गत पुटूसिया से बड़ा लगड़ा को जोड़ने वाली मुख्य सड़क का निर्माण कार्य विगत दो वर्षों से लंबित पड़ा हुआ है. इस मार्ग की खस्ताहाल स्थिति के कारण प्रतिदिन दर्जनों गांवों के हजारों ग्रामीणों को आवागमन में भारी परेशानी का सामना करना पड़ता है. बरसात के मौसम में स्थिति और भी भयावह हो जाती है, जब कीचड़ और जलभराव से राह गुजरना किसी चुनौती से कम नहीं होता.इस मुद्दे को लेकर पूर्व मंत्री एवं भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष बड़कुंवर गागराई ने कई बार पथ निर्माण विभाग का ध्यान आकृष्ट कराया है. (नीचे भी पढ़े)

उन्होंने विभागीय अधिकारियों से बातचीत कर सड़क निर्माण कार्य में तेजी लाने की मांग की थी. इसके बावजूद अब तक कार्य शुरू नहीं हो सका है. जिससे लोगों में नाराजगी है.पूर्व मंत्री ने उपायुक्त,को ट्वीट कर इस विषय पर सार्वजनिक रूप से जवाब मांगा है. उन्होंने ट्वीट में लिखा, “पुटूसिया से बड़ा लगड़ा सड़क निर्माण कार्य वर्षों से लंबित है. क्या इसकी वजह फंड की कमी है या कोई प्रशासनिक बाधा. कृपया स्थिति स्पष्ट करें और जनता को भरोसा दें. ग्रामीणों का कहना है कि यह मार्ग क्षेत्र के स्कूलों, बाजारों और स्वास्थ्य केंद्रों तक पहुंचने का एकमात्र प्रमुख साधन है. सड़क की जर्जर हालत के कारण न सिर्फ बच्चों की पढ़ाई बाधित हो रही है, बल्कि बीमार मरीजों को अस्पताल तक पहुंचाना भी मुश्किल हो गया है. (नीचे भी पढ़े)

लोगों का कहना है कि आश्वासन तो बहुत मिले, अब ठोस कार्रवाई चाहिए.हर साल नेता लोग आकर सड़क बनवाने का वादा करते हैं, लेकिन दो साल से एक ईंट भी नहीं लगी. हमें अब सिर्फ वादे नहीं, काम चाहिए.अभी तक जिला प्रशासन या पथ निर्माण विभाग की ओर से इस मामले में कोई ठोस बयान सामने नहीं आया है.लोग जानना चाहते हैं कि यदि बजट या तकनीकी कारणों से निर्माण रुका हुआ है, तो इसकी जानकारी सार्वजनिक क्यों नहीं की जा रही है.











