सरायकेला: बकरीद को लेकर सरायकेला जिले के कपाली ओपी अंतर्गत डांगरडीह सामुदायिक भवन में रविवार को शांति समिति की बैठक आयोजित की गई. इस बैठक में चांडिल इंस्पेक्टर रामचंद्र रजक, ओपी प्रभारी सोनू कुमार, चांडिल अंचल अधिकारी अमित श्रीवास्तव, कपाली नगर परिषद के सिटी मैनेजर मेहंदी हसन, बिजली विभाग के पदाधिकारी, झामुमो नेता मोहम्मद अरशद समेत स्थानीय जनप्रतिनिधि, समाजसेवी, पूर्व वर्तमान वार्ड पार्षद, मस्जिद कमेटी के सदस्य और गणमान्य नागरिक उपस्थित थे. (नीचे भी पढ़े)
चांडिल इंस्पेक्टर रामचंद्र रजक ने बैठक में उपस्थित लोगों से पर्व के दौरान कानून व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग की अपील की. उन्होंने कहा कि किसी भी तरह की अफवाहों से बचें और किसी भी असामाजिक गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें. बैठक में यह निर्णय लिया गया कि कुर्बानी और नमाज के दौरान सभी सरकारी दिशा-निर्देशों का पालन किया जाएगा. साफ-सफाई, यातायात व्यवस्था और जल आपूर्ति जैसे मुद्दों पर भी चर्चा की गई. स्थानीय लोगों ने भी प्रशासन को अपने सुझाव और समस्याएं बताईं, जिनके समाधान का आश्वासन पुलिस प्रशासन द्वारा दिया गया.











