गालूडीह : महुलिया पंचायत के गालूडीह गांव स्थित विवेकानंद सेवा ट्रस्ट आश्रम परिसर में लगे तीन पेड़ एक साथ काट दिये जाने से रविवार को ग्रामीण उग्र हो गए. ग्राम प्रधान करण मुर्मू के नेतृत्व में पहुंचे ग्रामीणों ने आश्रम के बाहर के पेड़ काटने व बेचने का जमकर विरोध किया. ग्रामीणों ने पेड़ों की कटाई पर रोक लगा दी, साथ ही बेचने के लिए ले जाई गई लकड़ी को आश्रम में वापस लाने की मांग की. (नीचे भी पढ़ें)
ग्रामीणों ने बताया कि रविवार सुबह तीन मजदूर आश्रम परिसर के अंदर पेड़ काट रहे थे, जिसकी सूचना उन्होंने ग्राम प्रधान करण मुर्मू को दी. ग्राम प्रधान ने मजदूरों से पूछा कि किसकी अनुमति से पेड़ काटे जा रहे है. यहां आश्रम बनाने के लिए ग्रामीणों ने जमीन दान की है, लेकिन अब जमीन बेचने के इरादे से पेड़ की कटाई की जा रही है. मजदूरों ने बताया कि आश्रम के शुभेन्दु चौधरी ने उन्हें पेड़ काटने के लिए कहा है. वहीं, विरोध के कुछ घंटे बाद सभी लकड़ियों को वापस आश्रम लाया गया. शुभेन्दु चौधरी ने बताया कि पेड़ विवेकानंद सेवा ट्रस्ट आश्रम के हैं. ट्रस्ट ने उन्हें आश्रम की देखभाल के लिए रखा है. पेड़ दीवार के पास होने के कारण कई स्थानों पर दीवार फट चुकी है. इसीलिए पेड़ काटा गया है. मौके पर ग्राम प्रधान करण मुर्मू, छूतू मुर्मू, सुनील मुर्मू, अर्जुन हांसदा, भोलानाथ टुडू, सुनाराम हांसदा, चुन्नू सोरेन, राजेश टुडू, बंटू सोरेन आदि उपस्थित थे.











