बहरागोड़ा: बहरागोड़ा के देव वाटिका में मंगलवार को प्रतिभा सम्मान समारोह का भव्य आयोजन किया गया, जिसमें झारखंड के राज्यपाल संतोष गंगवार मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए. कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि के रूप में जमशेदपुर के सांसद बिद्युत बरण महतो भी शामिल हुए. कार्यक्रम में शामिल होने पहुंचे राज्यपाल संतोष गंगवार का स्वागत भाजपा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष डॉ दिनेशानंद गोस्वामी ने पुष्पगुच्छ भेंट कर किया. समारोह का विधिवत उद्घाटन राज्यपाल और सांसद बिद्युत बरण महतो ने दीप प्रज्वलित कर किया. कार्यक्रम का उद्देश्य क्षेत्र के प्रतिभाशाली विद्यार्थियों और व्यक्तित्वों को सम्मानित कर उनके उज्जवल भविष्य की कामना करना था. समारोह में सांस्कृतिक कार्यक्रम के साथ-साथ सम्मानित प्रतिभाओं को प्रशस्ति पत्र और स्मृति चिन्ह भी प्रदान किए गए. आयोजकों ने बताया कि यह कार्यक्रम हर वर्ष आयोजित किया जाएगा ताकि क्षेत्र के युवाओं को प्रोत्साहन मिल सके.











