जमशेदपुर : टाटानगर आरपीएफ ने दो बड़ी कार्रवाई की है. एक में रेलवे की संपत्ति चोरी कर बेचने वाले गिरोह का भंडाफोड़ किया है. वहीं रेल टिकट के कालाबाजारी का भी भंडाफोड़ किया गया है. रेल संपत्ति को चुराने वाले और उसको खरीदने वाले स्क्रैप कारोबारियों को भी गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है. (नीचे भी पढ़ें)
आरपीएफ ने स्क्रैप के दो कारोबारियों समेत पांच को गिरफ्तार कर जेल भेजा : टाटानगर आरपीएफ द्वारा रेलवे की संपत्ति की चोरी करने वाले एक गिरोह का भंडाफोड़ किया है. आरपीएफ ने रेलवे की चोरी के लाखों के केबुल तार और अन्य सामानों के साथ तीन लोगों को गिरफ्तार किया है. उनके चोरी के सामान की खरीद बिक्री करने वाले दो स्क्रैप कारोबारियों को भी गिरफ्तार किया गया है. पकड़े गये लोगों में चोरी करने में शामिल कीताडीह ग्वाला बस्ती निवासी सूरज साव, ट्रैफिक कॉलोनी निवासी मोहम्मद समीर और कैरेज कॉलोनी निवासी मोनू ठाकुर हैं. इन लोगों द्वारा रेलवे के केबुल तार की चोरी की गयी थी, जिसकी कीमत लाखों में थी, लेकिन इसको करीब 34 हजार रुपये में ही स्क्रैप कारोबारियों को बेच दिया था. आरपीएफ प्रभारी राकेश मोहन को मिली सूचना के बाद एक टीम बनाकर छापेमारी की गयी और तीनों को पकड़ा गया. तीनों ने बताया कि उन लोगों द्वारा चोरी के सामान की बिक्री स्क्रैप टाल में किया है. इसके बाद स्क्रैप टाल के कारोबारियों के यहां छापेमारी की गयी. बर्मामाइंस में राजकुमार जायसवाल के टाल से चोरी के सामान बरामद किये गये, जहां से टाल संचालक राजकुमार जायसवाल को गिरफ्तार किया गया. इसके बाद बागबेड़ा में स्क्रैप टाल संचालक रतन कालिंदी के यहां छापामारी की गयी, जहां से चोरी का माल बरामद किया गया. इसके बाद उसको भी गिरफ्तार किया गया. पांचों को आरपीएफ की टीम ने जेल भेज दिया है. (नीचे भी पढ़ें)
बिरसानगर से रेल टिकट कालाबाजारी में एक धराया
टाटानगर आरपीएफ की टीम ने बिरसानगर में छापेमारी की. यह छापामारी बिरसानगर थाना क्षेत्र के जोन नंबर-5 के काली मंदिर के पास की गयी. यहां से बासुदेव महतो नामक व्यक्ति को पकड़ा गया, उसके पास से करीब 30 ऑनलाइन रेल टिकट बरामद किया गया. वह ऑनलाइन टिकटों की कालाबाजारी करता था. काफी दिनों से इसकी सूचना मिल रही थी. आरपीएफ प्रभारी राकेश मोहन ने इसको पकड़ने के लिए जाल बिछवाया, जिसके बाद उसे धर दबोचा गया. वह फर्जी आइडी के माध्यम से टिकट की कालाबाजारी करता था.




