चाकुलिया: चाकुलिया नगर पंचायत के मनोहर लाल प्लस टू उच्च विद्यालय में बुधवार को प्रतिभा सम्मान समारोह का आयोजन किया गया. समारोह में विद्यालय के मैट्रिक और इंटर कला और विज्ञान परीक्षा 2025 में विद्यालय में प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को सम्मानित किया गया. मौके पर मुख्य अतिथि के रूप में सेवानिवृत शिक्षक मनिंद्र नाथ पालित उपस्थित थे. उन्होंने कहा कि बच्चों के बेहतर प्रदर्शन में सभी अभिभावक और शिक्षक बधाई के पात्र हैं. वहीं उन्होंने छात्रों की उपलब्धियों की सराहना की. उन्होंने कहा कि अनुशासन ही देश को महान बनाता है. विद्यार्थी अनुशासित रह कर पढ़ाई करें. अतिथियों द्वारा मैट्रिक 2025 में विद्यालय की प्रथम टॉपर सारो हेंब्रम, द्वितीय टॉपर अनूप सिंह और तृतीय टॉपर सुशांत दास को मोमेंटो और प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया. (नीचे भी पढ़ें)
वहीं इंटर विज्ञान में प्रथम टॉपर कुणाल पाल, द्वितीय टॉपर नंदिनी बक्सी और तृतीय टॉपर बिक्रम दोलाई, इंटर कला में प्रथम टॉपर सुमन कपाट, द्वितीय टॉपर त्रित शंकर सिंह और तृतीय टॉपर देवला हेंब्रम को सम्मानित किया गया. संस्कृत विषय में सबसे ज्यादा अंक लाने वाली विद्यालय की छात्रा कुंतलिका दास को विद्यालय के अमित दत्ता द्वारा पुरस्कृत किया गया. मौके पर प्रभारी प्रधानाध्यापक सुभाष चंद्र महतो, प्रसाद मन्ना, सुभाशीष पाल, कुमारी चिंतामणी, रश्मि कुमारी, जूही कुमारी, नेहा खालको, सुरई हांसदा, अंजू कुमारी, राजीव लोचन भुई, बहादुर हांसदा, पुरुषोत्तम आनंद, दिनेश कुमार, आशीष कुमार गुप्ता, राकेश रजक समेत विद्यालय के सभी शिक्षक और अभिभावक उपस्थित थे.




