जमशेदपुर : सिंहभूम चैम्बर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री के प्लैटिनम जुबिली समारोह के तहत मंगलवार, 24 जून को संध्या 4.15 बजे से कदमा जुस्को स्कूल स्थित कुडी मोहंती ऑडिटोरियम में परिचर्चा का आयोजन किया जा रहा है. इसकी सारी तैयारियां पूरी की जा चुकी हैं. इसमें टाटा स्टील के सीईओ सह प्रबंध निदेशक टीवी नरेन्द्रन कोल्हान के व्यवसायियों एवं उद्यमियों को ‘ईस्टर्न इंडिया अ कैलीडियोस्कोप ऑफ अपॉर्चुनिटीज – जमशेदपुर द फोकल पॉइंट’ विषय पर संबोधित करते हुए अपने अनुभव साझा करेंगे. इस दौरान उनके साथ टाटा स्टील के अन्य वरीय पदाधिकारियों में कॉर्पोरेट सर्विसेज के उपाध्यक्ष सुंदर रामम एवं टाटा स्टील के अन्य अधिकारी भी उपस्थित रहेंगे. (नीचे भी पढ़ें)

चैंबर अध्यक्ष विजय आनंद मूनका ने बताया कि सिंहभूम चैम्बर ने अपने प्लैटिनम जुबिली समारोह के तहत विभिन्न राजनैतिक, औद्योगिक, व्यावसायिक तथा जमशेदपुर एवं इसके आसपास के इलाकों के साथ ही झारखण्ड राज्य के विकास के कार्यक्रम आयोजित कर रहा है, जिसका उद्घाटन विगत 25 मई को लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने किया था. इस कार्यक्रम में देश के विकास में पूर्वी भारत की मजबूत स्थिति, जिसका प्रमुख केन्द्र जमशेदपुर है, पर विस्तृत चर्चा भी होगी और टाटा स्टील के सीईओ सह प्रबंध निदेशक श्री नरेन्द्रन इस विषय पर अपने ज्ञान एवं अनुभव कोल्हान के व्यवसायियों व उद्यमियों के साथ साझा करेंगे. जब भारत में व्यापार और उद्योग का जोरशोर से चहुंमुखी विकास हो रहा है और भारत का हर मेहनतकश व्यापारी और उद्यमी बुलंदियों को छू रहा है. ऐसे में उसके अनुरूप प्राकृतिक संसाधनों, मानव प्रतिभा और औद्योगिक विरासत से समृद्ध जमशेदपुर में विकास की रफ्तार को गति देने पर भी चर्चा होगी. (नीचे भी पढ़ें)
उपाध्यक्ष पुनीत कांवटिया व सचिव अंशुल रिंगसिया ने बताया कि कार्यक्रम के दौरान चैम्बर के दिवंगत पूर्व अध्यक्षों, जिनकी बदौलत चैम्बर आज इस पड़ाव तक पहुंचा है, के परिवारों के प्रमुख सदस्य को भी सम्मानित किया जाएगा. उपाध्यक्ष अनिल मोदी, राजीव अग्रवाल, अभिषेक अग्रवाल गोल्डी, सचिव भरत मकानी, बिनोद शर्मा, सुरेश शर्मा लिपु, कोषाध्यक्ष अनिल रिंगसिया ने कोल्हान के सभी व्यवसायियों व उद्यमियों से इस बहुप्रतीक्षित कार्यक्रम में भाग लेकर लाभ उठाने का आग्रह किया है.



