जमशेदपुर: जमशेदपुर के जेम्को टेल्को क्षेत्र स्थित मिश्रा बागान में शनिवार को कुख्यात अपराधी प्रकाश मिश्रा के गुर्गों ने रितेश सिंह की बेरहमी से पिटाई कर दी. घटना के बाद से इलाके में दहशत का माहौल है. बताया जा रहा है कि यह हमला पुरानी रंजिश का हिस्सा हो सकता है. हमले में शामिल आरोपियों की पहचान संदीप पांडेय, परवेज अंसारी, रोहित सिंह, राजू यादव और अग्नि पाठक के रूप में हुई है. ये सभी प्रकाश मिश्रा गिरोह से जुड़े बताए जा रहे हैं. सूत्रों के अनुसार, पिछले वर्ष महेश मिश्रा पर गोली चलाने की घटना में रांची के होटवार जेल से संचालित साजिश का खुलासा हुआ था, जिसमें प्रकाश मिश्रा गिरोह का नाम सामने आया था. (नीचे भी पढ़ें)
उस मामले में एक युवक को गिरफ्तार कर जेल भी भेजा गया था. रितेश सिंह को महेश मिश्रा का करीबी माना जाता है, संभवतः इसी वजह से उसपर भी हमला हुआ है. शनिवार की घटना को उसी विवाद की कड़ी माना जा रहा है. जेम्को मिश्रा बागान में रितेश सिंह पर अचानक हमला हुआ, जिसमें उसे गंभीर चोटें आई हैं. स्थानीय लोगों के हस्तक्षेप के बाद हमलावर मौके से फरार हो गए. घायल रितेश को इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया है. फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुट गयी है. सूत्रों की मानें तो प्रकाश मिश्रा का नेटवर्क जेल के भीतर से भी सक्रिय है और उसकी गैंग लगातार शहर में दहशत फैलाने की कोशिश कर रही है.



