जमशेदपुर : एशिया का बहुप्रतिष्ठित फुटबॉल टूर्नामेंट डूरंड कप 2025 का आयोजन आगामी 27 जुलाई से जमशेदपुर के जेआरडी टाटा स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में होने जा रहा है. इसके पूर्व, 7 जुलाई को एक्सएलआरआइ सभागार में ट्रॉफी का भव्य अनावरण एवं 7-8 जुलाई को डूरंड कप ट्रॉफी टूर का आयोजन प्रस्तावित है. ट्रॉफी अनावरण कार्यक्रम एवं ट्रॉफी टूर के मद्देनजर उपायुक्त (डीसी) कर्ण सत्यार्थी एवं वरीय पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) पीयूष पांडेय ने मुख्य कार्यक्रम स्थल एक्सएलआरआइ का निरीक्षण किया. (नीचे भी पढ़े)

मौके पर आयोजन समिति के सदस्यगण, भारतीय सेना, जिला प्रशासन एवं पुलिस विभाग के पदाधिकारीगण उपस्थित रहे. प्रस्तावित कार्यक्रम के अनुसार 7 जुलाई को सुबह 11 बजे से दोपहर 12:30 बजे तक एक्सएलआरआइ सभागार में ट्रॉफी का अनावरण किया जाएगा. 7 व 8 जुलाई को शहरी क्षेत्र के विभिन्न स्थलों पर ट्रॉफी टूर किया जाएगा. निरीक्षण के दौरान उपायुक्त एवं वरीय पुलिस अधीक्षक ने ट्रॉफी टूर के रूट चार्ट, विधि व्यवस्था, सुरक्षा, यातायात प्रबंधन तथा अन्य लॉजिस्टिक पहलुओं को लेकर संबंधित पदाधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए. (नीचे भी पढ़े)
उपायुक्त ने कहा कि डूरंड कप जैसे ऐतिहासिक और अंतरराष्ट्रीय स्तर के आयोजन का जमशेदपुर में होना जिले के लिए गौरव का विषय है. ट्रॉफी टूर और मुकाबलों के माध्यम से युवाओं में खेल के प्रति रुचि और उत्साह को नया आयाम मिलेगा. जिला प्रशासन हर स्तर पर बेहतर समन्वय के साथ कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए प्रतिबद्ध है.




