सरायकेला: सरायकेला जिला स्तरीय सुब्रतो कप फुटबॉल का आयोजन बिरसा मुंडा फुटबॉल स्टेडियम में जिला शिक्षा परियोजना के तत्वावधान में किया गया. पांच जुलाई तक चलने वाले इस प्रतियोगिता में सभी प्रखंडों से 18 चयनित टीम के खिलाड़ी शामिल हुए. प्रतियोगिता का उद्घाटन उपायुक्त नीतीश कुमार सिंह, जिला परिषद अध्यक्ष सोनाराम बोदरा ने संयुक्त रुप से किया. उपायुक्त ने कहा कि इस बार जिले के खिलाड़ी राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में सरायकेला खरसावां का प्रतिनिधित्व करें और जिले का नाम गौरवान्वित करें. प्रतियोगिता में जिले के सभी नौ प्रखंडों की टीमें भाग ले रही हैं. (नीचे भी पढ़े)

विजेता टीम को प्रमंडल स्तरीय सुब्रतो कप प्रतियोगिता में जिले का प्रतिनिधित्व करने का अवसर मिलेगा. यह आयोजन न केवल खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा दिखाने का एक सशक्त मंच प्रदान करता है, बल्कि जिले में खेल संस्कृति, अनुशासन, और नेतृत्व विकास को भी बढ़ावा देता है. उपायुक्त ने कहा कि झारखंड खेल की धरती है. चाहे हॉकी, तीरंदाजी, शूटिंग, फुटबॉल में ही क्यों ना हो. हॉकी के क्षेत्र में खूंटी अपना परचम लहर चुका है. जिला तीरंदाजी और फुटबॉल भी क्षेत्र में अपनी पहचान बन चुका है. उन्होंने कहा कि प्रतियोगिता में अपने नेचुरल खेल का प्रदर्शन करें. किसी दबाव में नहीं खेलें. जिला परिषद अध्यक्ष सोनाराम बोदरा ने कहा कि यह प्रतियोगिता स्कूल के बच्चों को प्रतिभा निखारने का मौका देता है. (नीचे भी पढ़े)

इस खेल के माध्यम से बच्चे अपनी प्रतिभा निखारे और अपना भविष्य उज्जवल बनाए. सरायकेला- खरसावां जिला खेल के क्षेत्र में अलग पहचान बन चुकी है. खेल के माध्यम से उस पहचान को बरकरार रखें और अपना उज्जवल भविष्य बनाए. वही डीएसई कैलाश मिश्रा ने कहा कि खेल शारीरिक एवं मानसिक रूप से विकसित करता है. खेल टीम भावना के रूप में खेला जाता है. खेल में कई व्यावहारिक जीवन की सीख देती है. मौके पर जिला शिक्षा अधीक्षक कैलाश मिश्रा, नगर पंचायत के कार्यपालक पदाधिकारी शशि शेखर, अंचल अधिकारी भोलानाथ महतो, जिला सूचना एवं जनसंपर्क पदाधिकारी अविनाश कुमार, बीपीओ सांत्वना जेना सहित अन्य मौजूद थे.











