जमशेदपुर : राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकार के निर्देशानुसार एवं झारखंड राज्य विधिक सेवा प्राधिकार के तत्वाधान में 90 दिनो का विशेष मध्यस्थता अभियान चलाया जा रहा है. डालसा सचिव धर्मेन्द्र कुमार ने बताया कि मेडिएशन फॉर नेशन अभियान 01 जुलाई से 30 सितंबर तक चलेगा. उन्होंने कहा कि 01 जुलाई से ही न्यायालय में लंबित, संबंधित मामलों की पहचान, पक्षकारों को सूचित करना एवं मध्यस्थता के लिए वाद को मध्यक्षता केन्द्र भेजने की कार्यवाही शुरू हो चुकी है. 01 जुलाई से 31 जुलाई के बीच उपर्युक्त वादों को मध्यस्थता हेतु मध्यस्थता केन्द्र में भेजा जाना है. यह अभिमान 30 सितंबर तक कुल 90 दिनों तक लगातार चलेगा.(नीचे भी पढ़े)
मध्यस्थता के माध्यम से वैवाहिक वाद, सड़क दुर्घटना वाद , घरेलू हिंसा, चेक बाउंस , वाणिज्यिक वाद , रोजगार व सेवा संबंधित विवाद , अपराधिक समनीय वाद, उपभोक्ता संबंधी वाद, ऋण वसूली वाद , बटबारा संबंधी वाद, मकान मालिक व किरायेदार वाद, भू अर्जन वाद सहित अन्य उपयुक्त लंबित वादों का निपटारा मध्यस्थता के माध्यम से किया जाएगा. संबंधित पक्षकार या तो न्यायालय के माध्यम से अथवा जिला विधिक सेवा प्राधिकार के द्वारा अपने लंबित वादों को मध्यस्थता केन्द्र , न्याय सदन पूर्वी सिंहभूम जमशेदपुर को भेजावा सकता है. मेडिएशन फॉर नेशन अभियान के तहत पूरे पूर्वी सिंहभूम जिले (जमशेदपुर) में न्यायालय में लंबित उपयुक्त वादों का निपटारा मध्यस्थता के माध्यम से कराया जा सकता है. डालसा सचिव ने कहा कि यह अभियान पक्षकारों के लिए अत्यंत लाभकारी है. अतः इस अभियान का लाभ लेकर वे अपना समय, खर्च आदि बचाते हुए अपने विवादों का शीघ्र समाधान कर सकते हैं.











