जमशेदपुर: जमशेदपुर के केबुल टाउन स्थित श्री लक्ष्मीनारायण मंदिर (बिड़ला मंदिर) का प्रथम जीर्णोद्धार वार्षिकोत्सव सोमवार, 7 जुलाई को मनाया जाएगा. सोमवार की सुबह 9 बजे से पूजन कार्य प्रारंभ हो जाएगा. पूजन कार्य विनोद पाण्डेय और उनके साथ 10 अन्य पंडित करवाएंगे. श्री लक्ष्मीनारायण मंदिर जीर्णोद्धार ट्रस्ट के संयोजक सरयू राय ने बताया कि 7 जुलाई को मंदिर जीर्णोद्धार का एक वर्ष पूर्ण होने के शुभ अवसर पर विधिवत पूजा अर्चना का कार्यक्रम आयोजित किया गया है. (नीचे भी पढ़े)
सभी देवी-देवताओं, जिनकी साल भर पहले प्राण प्रतिष्ठा हुई थी, उनके समक्ष उनसे संबंधित पूजा-अर्चना की जाएगी. श्री राय ने बताया कि मां काली की प्रतिमा के समक्ष दुर्गा सप्तशती का पाठ किया जाएगा. भगवान शंकर के शिवलिंग के समक्ष रुद्राभिषेक किया जाएगा. श्री लक्ष्मीनारायण जी की प्रतिमा के समक्ष श्री विष्णुसहस्त्रनाम का पाठ होगा. हनुमान जी की प्रतिमा के सामने पंचमुखी हनुमत कोटि स्त्रोत का पाठ होगा. इसी प्रकार गणेश जी की प्रतिमा के सामने गणेश अथर्वशीर्ष का पाठ होगा. 7 जुलाई को मंदिर के प्रांगण में पूरा दिन आध्यात्मिक वातावरण रहेगा. पूजा-अर्चना के बाद शाम में भोग-प्रसाद का वितरण होगा.











